द हंड्रेड महिला टूर्नामेंट 2022: लौरा वोलवार्ट ने खेली शानदार पारी, नॉर्दन सुपरचार्जर्स को दिलाई जीत
लौरा वोलवार्ट ने 49 गेंदों में 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से 90* रन की बहुमूल्य अर्धशतकीय पारी खेली।
अद्यतन - अगस्त 22, 2022 2:33 अपराह्न

21 अगस्त को खेले गए द हंड्रेड महिला टूर्नामेंट में नॉर्दन सुपरचार्जर्स ने मेनचेस्टर ओरिजिनल्स को 7 विकेट से मात दी। इस रिकॉर्डतोड़ जीत की हीरो रही लौरा वोलवार्ट जिन्होंने अकेले अपने दम पर इस मुकाबले को 1 गेंद रहते ही खत्म कर दिया। बता दें, इस महिला टूर्नामेंट का यह सबसे बड़ा सफल चेज़ है। मुकाबले की बात की जाए तो मेनचेस्टर ओरिजिनल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 3 विकेट खोकर 160 रन बनाए।
टीम की ओर से आक्रामक ऑलराउंडर डियांड्रा डॉटिन ने 30 गेंदों में 68* रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा लिजेल ली ने 27 गेंद पर 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 40 रन बनाए। सोफी एक्लेस्टोन ने भी 17 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 24* रन बनाए।
लौरा वोलवार्ट की शानदार अर्धशतकीय पारी ने जीता सभी का दिल
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्दन सुपरचार्जर्स की ओर से लौरा वोलवार्ट और एलिसा हीली (25) के बीच पहले विकेट के लिए 34 रनों की शानदार साझेदारी हुई। हीली के आउट होने के बाद वोलवार्ट ने एक तरफ से तेजी से रन बनाने का जिम्मा उठाया और जल्द ही अपना अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने कुल 49 गेंदों में 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से 90* रन की बहुमूल्य पारी खेली। वोलवार्ट के अलावा हीथर ग्राहम ने 9 गेंदों में 11* और कप्तान होली आर्मिटेज ने 20 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 24 रन बनाए। मेनचेस्टर ओरिजिनल्स की ओर से केट क्रॉस ने 20 गेंदों में 26 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।
इस जीत के साथ नॉर्दन सुपरचार्जर्स अब पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने 4 मुकाबलों में 2 में जीत दर्ज की है जबकि 2 में उनको हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मेनचेस्टर ओरिजिनल्स ने 4 मुकाबलों में 1 में जीत दर्ज की है और 3 में उनको हार का सामना करना पड़ा है।
नॉर्दन सुपरचार्जर्स का अगला मुकाबला वेल्श फायर से है जो इस समय अंक तालिका में 7वें पायदान पर है। उन्होंने अभी तक दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में उनको हार का सामना करना पड़ा है। नॉर्दन सुपरचार्जर्स इस मुकाबले को भी जीतना चाहेगी।