भारत का मध्यक्रम इस समय थोड़ा कमजोर दिख रहा है, वहां अधिक निरंतरता की जरूरत है: रोहन गावस्कर
मध्यक्रम इस समय काफी नाजुक दिख रहा है: रोहन गावस्कर
अद्यतन - सितम्बर 8, 2022 7:46 अपराह्न

भारत के पूर्व क्रिकेटर रोहन गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम मिडिल ऑर्डर में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही हैं और टीम के लिए यही चिंता का विषय है।
बता दें, एशिया कप 2022 के ग्रुप स्टेज में दोनों मुकाबलों को जीतकर भारतीय टीम ने सुपर 4 में अपनी जगह काफी आसानी से बना ली थी। लेकिन सुपर-4 स्टेज में उनको अभी तक दोनों मुकाबलों में मात मिली है। जिस वजह से टीम इंडिया एशिया कप 2022 के फाइनल से भी बाहर हो गई है।
रोहन गावस्कर ने स्पोर्ट्स18 के शो ‘स्पोर्ट्स ओवर द टॉप’ में कहा कि, ‘यही सिर दर्द है। भारतीय टीम को जल्द से जल्द अपनी इस परेशानी के बारे में सोचना होगा और सही संयोजन के साथ मैदान पर वापसी करनी होगी। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी अभी तक काफी अच्छी नहीं रही है और तमाम लोग और विशेषज्ञ इस पर सवाल उठा रहे हैं। टीम में लगातार बदलाव की वजह से भी यह परेशानी देखने को मिल सकती है।
भारतीय टीम मैनेजमेंट को जल्द से जल्द इसके बारे में सोचना होगा: रोहन गावस्कर
जहां एक तरफ विराट कोहली और रोहित शर्मा ने अभी तक इस टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया है वहीं दूसरी ओर मिडल ऑर्डर बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। विराट कोहली ने अभी तक इस टूर्नामेंट में 2 अर्धशतक जड़े हैं।
रोहन गावस्कर का यह भी मानना है कि टीम मैनेजमेंट को जल्द से जल्द इस पर काम करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि, ‘मध्यक्रम इस समय काफी नाजुक दिख रहा है और मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों से थोड़ी अधिक निरंतरता की जरूरत है। हमें अब लगातार रन बनाने को देखना होगा और टीम मैनेजमेंट को भी इस पर काम करना होगा।
बता दें, सुपर 4 में भारतीय टीम को पाकिस्तान ने 5 विकेट से मात दी थी और श्रीलंका के हाथों 6 विकेट से हार मिली थी। भारत का अगला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ है। भारत और अफगानिस्तान दोनों ही टीमें एशिया कप 2022 के फाइनल से बाहर हो गई है। इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी बात यह थी कि जिन दो टीमों ने सबसे पहले सुपर 4 में अपनी जगह बनाई थी वही दो टीमें सबसे पहले इस स्टेज से बाहर हुई। यह मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।