जसप्रीत बुमराह जैसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी को आप हमेशा लय में देखना चाहते हैं: भारतीय तेज गेंदबाज की वसीम जाफर ने की जमकर प्रशंसा
वसीम जाफर के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को लगातार क्रिकेट खेलना चाहिए इससे उनकी लय बरकरार रहेगी।
अद्यतन - जून 13, 2024 6:33 अपराह्न

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने अभी तक काफी अच्छी गेंदबाजी की है। उनका प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा रहा है। आयरलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में जसप्रीत बुमराह ने प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड अपने नाम किया था।
हाल ही में पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा की है जिसमें उन्होंने जसप्रीत बुमराह की जमकर प्रशंसा की है। वसीम जाफर के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को लगातार क्रिकेट खेलना चाहिए इससे उनकी लय बरकरार रहेगी। वसीम जाफर का मानना है कि सुपर 8 में जसप्रीत बुमराह का मोमेंटम बिल्कुल भी खराब नहीं होना चाहिए।
वसीम जाफर ने कहा कि, ‘जितने ज्यादा मैच जसप्रीत बुमराह खेलेंगे उनकी लय उतनी ज्यादा रहेगी। आप यह बिल्कुल भी नहीं चाहते हैं कि जसप्रीत बुमराह की लय खत्म हो जाए। वो भारतीय टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं और उन्हें आराम देना बिल्कुल भी सही नहीं होगा।’
आपको हर दिन अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है: वसीम जाफर
भारतीय टीम को सुपर 8 के मुकाबले वेस्टइंडीज में खेलने हैं। टीम ने अपने ग्रुप स्टेज के मैच न्यूयॉर्क में खेले थे। जहां एक तरफ न्यूयॉर्क की पिच में लो स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले थे वहीं वेस्टइंडीज की पिच में बड़े स्कोर बनते हुए देखे जा सकते हैं। इसी को लेकर वसीम जाफर ने आगे कहा कि, ‘आपको खुद को यह बात पता है कि किस वेन्यू में आप खेलेंगे इसलिए इससे कोई भी मतलब नहीं है।
आपको उस दिन अच्छा प्रदर्शन करना बेहद जरूरी है। भारत ने न्यूयॉर्क जैसी मुश्किल परिस्थिति में अपने अभियान की शुरुआत की। अपने चार स्पिनर्स को अलग-अलग परिस्थिति के लिए अपनी टीम में शामिल किया है। जिस हिसाब से खिलाड़ियों की जरूरत होगी उसे तरीके से भारतीय टीम मैनेजमेंट अपनी प्लेइंग XI में बदलाव करेगा।’
बता दें, भारत ने अभी तक इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में तीन मैच खेले हैं और तीनों में उन्होंने जीत दर्ज की है। अब उन्हें अपना अंतिम लीग मैच 15 जून को कनाडा के खिलाफ खेलना है। इस मैच को भी टीम अपने नाम जरुर करना चाहेगी।