रिकी पोंटिंग: क्या IPL में अब विदेशी कोच और उनके स्टाफ की होगी छुट्टी?

रिकी पोंटिंग पर लटकी तलवार! क्या IPL में अब विदेशी कोच और उनके स्टाफ की होगी छुट्टी?

इस सीजन में कुछ आईपीएल टीमों के खराब प्रदर्शन ने प्रमुख विदेशी कोचिंग स्टाफ के वैल्यू को लेकर बहस शुरू कर दी है।

Ricky Ponting, IPL 2024 (Photo Source X) (2)
Ricky Ponting, IPL 2024 (Photo Source X) (2)

टीम इंडिया के लिए 4 टेस्ट और 9 वनडे खेलने वाले पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन अब एक जाने-मानें क्रिकेट कमेंटेटर बन चुके हैं। वह टीम इंडिया के लिए और भी मैच खेल पाते लेकिन चोट ने उनके करियर पर रोक लगा दी और उन्हें संन्यास लेना पड़ा। लेकिन इस आईपीएल सीजन में उनका एक बयान काफी चर्चा में है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने आईपीएल फ्रेंचाइजी द्वारा विदेशी कोचों को नियुक्त करने के बढ़ते चलन की आलोचना की है।

अचानक यह बात इसलिए शुरू हो गई क्योंकि, इस सीजन में कुछ आईपीएल टीमों के खराब प्रदर्शन ने प्रमुख विदेशी कोचिंग स्टाफ के वैल्यू को लेकर बहस शुरू कर दी है। इस आलोचनओं की लिस्ट में दिल्ली कैपिटल्स भी शामिल है, जिसने 16 आईपीएल सीजन में फ्रेंचाइजी की सीमित सफलता के बावजूद मुख्य कोच के रूप में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग की सेवाएं हासिल की हैं।

जब वासन से दिल्ली के कोचिंग सेटअप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने काफी कुछ बोला,उन्होंने इंडिया न्यूज को बयान दिया कि, “यह दिल्ली के साथ अन्याय है, रिकी पोंटिंग डगआउट में क्या कर रहे हैं, क्या वह सिर्फ बैठने के लिए वहां हैं? वे विदेशी कोचों को बहुत सारा पैसा दे रहे हैं, तो उनका यहां आईपीएल में क्या फायदा?”

रिकी पोंटिंग की भूमिका क्या है?: अतुल वासन

उन्होंने फ्रेंचाइजी द्वारा नियुक्त विदेशी विशेषज्ञों की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने कहा, “कोच के अलावा, वे अपने सेटअप में जिन विदेशी विशेषज्ञों को लाते हैं, उनकी भूमिका क्या है, इस बारे में कोई बात नहीं कर रहा है। क्या ऐसा करके आप मैदान पर अपनी टीम की तुलना में डगआउट में मजबूत दिखने की कोशिश कर रहे हैं? आईपीएल के 16 साल के लंबे इतिहास में, DC 2020 में केवल एक बार फाइनल में पहुंची है।”

वासन के विचारों का समर्थन करते हुए, स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने भी कहा, “मैं अतुल से सहमत हूं, आईपीएल टीमें विदेशी कोचों को नियुक्त करना पसंद करती हैं, लेकिन इस सब से उन्हें क्या मिल रहा है।”

आपको क्या लगता है आईपीएल में विदेशी कोचों को नियुक्त करना चाहिए या नहीं।

close whatsapp