‘पॉइंट्स टेबल हमारी टीम को बिल्कुल परिभाषित नहीं करती..’- जीत के बाद कप्तान विराट कोहली ने दिया हैरान करने वाला बयान
पंजाब किंग्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 24 रनों से जीत दर्ज की।
अद्यतन - Apr 21, 2023 11:03 am

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 24 रनों से शानदार जीत दर्ज की। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 174 रन बोर्ड पर लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स 18.2 ओवर में 150 रन पर ही ऑलआउट हो गई। मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
RCB कप्तान फाफ डु प्लेसिस चोटिल हो गए थे। जिसके चलते उन्होंने पंजाब के खिलाफ फील्डिंग ना करने का फैसला कर विराट कोहली को कप्तानी सौंपी थी। जीत के बाद विराट कोहली का कहना है कि पॉइंट्स टेबल उनकी टीम को परिभाषित नहीं करती है।
फाफ ने पिच पर शानदार बल्लेबाजी की है- विराट कोहली
RCB इस सीजन में अब तक 6 में से 3 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में 6 अंको के साथ पांचवें पायदान पर है। पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत के बाद विराट कोहली ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में बात करते हुए कहा, ‘टेबल हमारी टीम को परिभाषित नहीं करती है, टूर्नामेंट में कुल 14 मैच खेले जाने हैं, हम कोशिश कर सकते हैं और ध्यान केंद्रित कर सकते हैं कि हमें आगे क्या करना है।’
पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शानदार शुरूआत की थी। फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली के बीच पहले विकेट के लिए 137 रनों की साझेदारी हुई। फाफ डु प्लेसिस ने 56 गेंदो में 5 चौके और 5 छक्को की मदद से 84 रनों की शानदार पारी खेली थी।
फाफ डु प्लेसिस की बल्लेबाजी पर विराट कोहली ने कहा, ‘फाफ ने इस पिच पर कमाल की बल्लेबाजी की है। उनकी पारी ने सुनिश्चित किया कि अंत में हमारे पास 20-30 रन अतिरिक्त है। पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार थी। स्पिनरों के खिलाफ बैक फुट पर शायद ही कोई छक्का लगा था।’
हम खेल को गहराई तक नहीं ले जाना चाहते थे- विराट कोहली
RCB ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पावरप्ले में ही चार विकेट निकाल लिए थे। विराट कोहली ने आगे बात करते हुए बताया, ‘हम मैच को अंत तक ले जाने का जोखिम नहीं उठा सकते थे। खासकर जब उन्होंने 6-7 विकेट गंवाए, लेकिन तब भी बल्लेबाजी में काफी गहराई थी। लेकिन हमारे पास भी अपने गेंदबाजी विकल्प थे। जब आप पावरप्ले में 4 विकेट लेते हैं तो आप खेल को तोड़ देते हैं।’