आईपीएल 2023: पर्पल कैप जीतने से लेकर नेट गेंदबाज बनने और फिर आईपीएल में वापसी, मोहित शर्मा की कहानी है प्रेरणादायक - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: पर्पल कैप जीतने से लेकर नेट गेंदबाज बनने और फिर आईपीएल में वापसी, मोहित शर्मा की कहानी है प्रेरणादायक

मोहित शर्मा ने आईपीएल 2014 में पर्पल कैप जीती थी।

Mohit Sharma (Image Source: BCCI-IPL)
Mohit Sharma (Image Source: BCCI-IPL)

भारतीय गेंदबाज मोहित शर्मा ने तीन साल बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में वापसी की। उन्होंने 13 अप्रैल को आईपीएल में वापसी पर पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीता।

2020 के बाद से अपना पहला आईपीएल मैच खेलते हुए मोहित ने अपने चार ओवरों में 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए और जारी आईपीएल 2023 के 18वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 6 विकेट की जीत दर्ज करने में मदद की। आपको बता दें, मोहित शर्मा पिछले साल आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे, जिसके बाद उन्हें गुजरात टाइटंस (GT) का नेट गेंदबाज बनने का मौका मिला था।

इस बीच, मोहित शर्मा ने आईपीएल 2023 में अपनी वापसी की कहानी शेयर की, उन्होंने बताया GT के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखने और पिछले साल नेट गेंदबाज के तौर पर गुजरात टीम का हिस्सा बनने के लिए कहा था ताकि भविष्य में जब भी कोई स्लॉट खुले, तो उन्हें मौका मिला सकें। जिसके बाद मोहित ने आईपीएल 2023 की मिनी नीलामी में हिस्सा लिया, और GT ने भारतीय गेंदबाज को 50 लाख रुपये के आधार मूल्य पर अपनी टीम में शामिल कर लिया।

नेट गेंदबाज होने में कोई बुराई नहीं है: मोहित शर्मा

मोहित शर्मा ने स्टार स्पोर्ट्स के हवाले से कहा: ‘मैं झूठ नहीं बोलूंगा, क्योंकि मुझे थोड़ी घबराहट जरूर महसूस हुई थी। हालांकि, मैं इतने लंबे समय बाद आईपीएल में वापसी को लेकर उत्साहित भी था। मैं घरेलू क्रिकेट खेल रहा हूं इसलिए मैं खेल के टच में रहा। मैंने पिछले साल अपनी सर्जरी के बाद क्रिकेट खेला, जो बहुत से लोग नहीं जानते। हालांकि, मैं ज्यादा कुछ नहीं कर पा रहा था, इसलिए जब आशु भाई ने नेट बॉलर की भूमिका के लिए मुझे पूछा, तो मैंने तुरंत हां कर दी।

मैंने सोचा कि वैसे भी घर पर बैठने का क्या फायदा है, इसलिए बेहतर है कि मैं प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने आ जाऊं। सबकी अपनी-अपनी सोच है। नेट बॉलर होना कोई बुरी बात नहीं है। आपको अन्य खिलाड़ियों के साथ समय बिताने से काफी अनुभव मिलता है। मैंने ऐसा माहौल तैयार किया है कि सभी को काफी मजा आया। केवल मैं ही नहीं, यहां तक कि पिछले साल के अन्य नेट गेंदबाज और इस साल के नेट गेंदबाजों को भी मजा आ रहा है। ऐसा लग रहा है कि हम टीम का हिस्सा हैं, और यह बहुत अच्छा है।’

बता दें, मोहित ने आईपीएल 2014 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलते हुए 16 मैचों में 23 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती थी। वह 2015 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा भी थे।

close whatsapp