‘बीच में तो खबर आई थी कि मैं मर गया हूं’- रवींद्र जडेजा का हैरान करने वाला खुलासा
पाकिस्तान के खिलाफ जीत में रवींद्र जडेजा ने निभाई थी अहम भूमिका।
अद्यतन - अगस्त 31, 2022 9:18 पूर्वाह्न

टीम इंडिया के लिए अपने 13 साल के लंबे करियर के दौरान, रवींद्र जडेजा मीडिया में लगातार किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। चाहे वह टीम में उनकी जगह हो, या उनकी इंडियन प्रीमियर लीग की प्रतिबद्धताएं, या उनकी चोटें, जडेजा भारतीय क्रिकेट में सबसे चर्चित क्रिकेटरों में से एक रहे हैं। हाल के दिनों में, चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ उनका भविष्य 2022 में कप्तानी विवाद के बाद सवालों के घेरे में आ गया है।
इस बीच मंगलवार (30 अगस्त) को, जडेजा ने लगातार उनको लेकर उड़ रही अफवाहों को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र ध्यान टीम इंडिया के लिए अच्छा प्रदर्शन करने पर है। इस बीच, भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी एशिया कप 2022 में हांगकांग के खिलाफ बुधवार को होने वाले मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक हैरान करने वाला खुलासा किया है।
हांगकांग के खिलाफ मुकाबले से पहले जडेजा ने किया हैरान करने वाला खुलासा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिपोर्टर ने जडेजा से पूछा, “जड्डू भाई। सबसे पहले, हमें अपनी सफलता के पीछे का रहस्य बताएं। आईपीएल खत्म होने के बाद, हम अफवाहें सुनते हैं कि जडेजा विश्व कप नहीं खेलेंगे – वह एक साल से चोटिल हैं। उसके बाद, आप वापस लौटते हैं और न केवल भारत-पाकिस्तान मैच खेलें बल्कि भारत को जीत भी दिलाई। जब आपके बारे में इतनी सारी बातें हो रही हैं तो आप दबाव को कैसे संभालते हैं?
इस पर जडेजा ने कहा कि, “आप ने तो बहुत छोटी बात कहीं कि मैं नहीं हूं वर्ल्ड कप में। बीच में तो खबर आई थी कि मैं मर गया हूं! इससे बड़ी खबर तो हो ही नहीं सकती। मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचता। जैसा कि मैंने कहा कि मैं ज्यादा नहीं सोचता। मुझे बस मैदान पर उतरकर प्रदर्शन करना है। मैं कड़ी मेहनत करता हूं और अपनी कमजोरियों में सुधार करता हूं, जो वास्तविक मैच स्थितियों में मदद करता है।”
जडेजा ने 29 गेंदों में 35 रन की अच्छी पारी खेलकर पाकिस्तान पर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उस मैच में ऑलराउंडर को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज और लेग स्पिनर शादाब खान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया। जडेजा के अलावा, भारत की बल्लेबाजी क्रम में एक भी बाएं हाथ का बल्लेबाज नहीं था।