IPL 2024: विराट कोहली के खिताब जीतने का सपना होने वाला है पूरा, ये 3 फैक्टर निभाएंगे अहम भूमिका
22 मई को टूर्नामेंट के एलिमिनेटर मैच में RCB का सामना RR से होगा
अद्यतन - मई 20, 2024 4:25 अपराह्न

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने आखिरी लीग स्टेज मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 27 रनों से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह बना चुकी है। अब 22 मई को टूर्नामेंट के एलिमिनेटर मैच में RCB का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से होगा। आरसीबी इस बार खिताब अपने नाम करने की प्रबल दावेदार देखी जा रही है।
ये दावे से इसलिए कही जा रही है कि क्योंकि हार पर हार मिलने के बावजूद आरसीबी ने जबरदस्त वापसी की। टीम ने लगातार छह मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाई। अगर आरसीबी की टीम ऐसा ही प्रदर्शन करती रही, तो उसके खिताब जीतने का सपना पूरा हो सकता है।
इस आर्टिकल में हम ऐसे तीन फैक्टर के बारे में चर्चा करेंगे, जो आरसीबी को ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
विराट कोहली का जबरदस्त फॉर्म
इस सीजन विराट कोहली जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने आईपीएल 2024 में अब तक 14 मैचों में 155.60 के स्ट्राइक रेट और 64.36 की औसत से 708 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल है। इस वक्त ऑरेंज कैप कोहली के नाम है। कोहली बड़े मैच विनर हैं और उनके हालिया फॉर्म को देखते हुए कहा जा सकता है कि वह एलिमिनेटर में विपक्षी गेंदबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।
कमजोर गेंदबाजी कड़ी बनी ताकतवर
आईपीएल में आरसीबी की सबसे कमजोर कड़ी उसकी गेंदबाजी रही है, लेकिन इस सीजन शुरुआती मुकाबले गंवाने के बाद उनकी गेंदबाजी ताकत बनकर उभरी है। उनके तेज गेंदबाज विकेट चटका रहे हैं। यश दयाल 15 विकेट, मोहम्मद सिराज 13 विकेट और कैमरन ग्रीन 9 विकेट चटका चुके हैं। वहीं स्पिनर्स कर्ण शर्मा, स्वप्निल सिंह और पार्टटाइमर ग्लेन मैक्सवेल लय में दिख रहे हैं। सीएसके खिलाफ भी गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की।
खिलाड़ियों में गजब का आत्मविश्वास
पहले हॉफ में लगातार हार झेलने के बाद आरसीबी इस वक्त जीत के रथ पर सवार है और खिलाड़ियों में गजब का आत्मविश्वास है। टीम बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग तीनों विभागों में अच्छा कर रही है। विराट के अलावा रजत पाटीदार, फाफ डु प्लेसिस, कैमरन ग्रीन लय में हैं। कुल मिलाकर आरसीबी का हौसला काफी बुलंद है।