'धवन के आउट होने के बाद पूरी टीम गिर गई...'- पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों पर बुरी तरह भड़के आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘धवन के आउट होने के बाद पूरी टीम गिर गई…’- पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों पर बुरी तरह भड़के आकाश चोपड़ा

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाए थे।

Shikhar Dhawan Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)
Shikhar Dhawan Aakash Chopra (Photo Source: Twitter)

शिखर धवन की कप्तानी में पंजाब किंग्स (PBKS) ने आईपीएल के 16वें सीजन की शानदार शुरूआत की थी। लेकिन पिछले दो मुकाबलों में टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ टीम को 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए थे। कप्तान शिखर धवन जिन्होंने पिछले मुकाबले में 99 रनों की पारी खेली थी, वो GT के खिलाफ मैच में सिर्फ 8 रन बना पाए।

इसी बीच आकाश चोपड़ा ने गुजरात और पंजाब के मैच से पहले बयान दिया था कि पंजाब किंग्स शिखर धवन पर कुछ ज्यादा ही निर्भर हो रही है। और ठीक ऐसा ही गुजरात के खिलाफ मुकाबले में देखने को मिला। क्रिकेट कमेंटटेटर आकाश चोपड़ा पंजाब किंग्स के हार के बाद बल्लेबाजों पर जमकर भड़कते हुए नजर आए।

बाकी बल्लेबाजों ने कोशिश भी नहीं की- आकाश चोपड़ा

पंजाब किंग्स के बल्लेबाज एक बार फिर विरोधी गेंदबाजों के आगे बुरी तरह फेल रहे। अगर टीम आगामी मुकाबलों में ऐसा ही प्रदर्शन करके दिखाती है तो फिर टीम मुसीबतों में नजर आ सकती है। आकाश चोपड़ा ने पंजाब किंग्स के हार के बाद अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, ‘हम सबने कहा था कि पिच एकदम फ्लैट है और यहां पर अधिक रन बनाए जा सकते हैं।’

‘लेकिन पंजाब किंग्स केवल एक शख्स पर कुछ ज्यादा ही निर्भर हो गई है। अगर शिखर धवन आउट हो जाते हैं तो यह टीम पूरी तरह नीचे गिर जाती है।’ इसी के साथ आकाश चोपड़ा ने इस बात को भी हाइलाइट किया कि मैथ्यू शॉट, भानुका राजपक्षे और सैम करन जैसे खिलाड़ियों ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने उसका भी प्रयास नहीं किया।

भानुका को रिप्लेस करेंगे लिविंगस्टोन- आकाश चोपड़ा

इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी लियम लिविंगस्टोन पंजाब किंग्स कैंप से जुड़ चुके हैं। आकाश चोपड़ा ने लियम लिविंगस्टोन की वापसी पर बात करते हुए कहा, ‘लियम लिविंगस्टोन अभी भी उपलब्ध नहीं है। जब वह उपलब्ध होंगे तो वह भानुका राजपक्षे को रिप्लेस करते हुए नजर आएंगे। क्योंकि एक मैच के बाद भानुका का प्रदर्शन गिर गया है। वह एक मैच में चोटिल हो गए थे। और इस मैच में वह इतने धीमे क्यों थे इसे कोई नहीं समझ पाया।’

close whatsapp