WPL 2023: हरमनप्रीत कौर की तरह स्मृति मंधाना से भी तमाम फैंस विस्फोटक पारी की उम्मीद करेंगे: पार्थिव पटेल
इस समय रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेल रहे हैं।
अद्यतन - Mar 5, 2023 4:08 pm

भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल का मानना है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) स्मृति मंधाना से वैसी ही पारी की उम्मीद करेंगे जैसी हरमनप्रीत कौर ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2023 के पहले मुकाबले में गुजरात जायंट्स के खिलाफ खेली थी। बता दें, इस समय रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेल रहे हैं।
तमाम RCB फैंस यही दुआ करेंगे कि स्मृति मंधाना इस बेहतरीन मुकाबले में अच्छी बल्लेबाजी करें और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाएं। बता दें, 4 मार्च को खेले गए महिला प्रीमियर लीग 2023 सत्र के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 143 रन से मात दी। मुंबई की ओर से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 30 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 65 रन की विस्फोटक पारी खेली।
जिओसिनेमा में बात करते हुए पार्थिव पटेल ने कहा कि, ‘जब आपके पास स्मृति मंधाना हैं जो सलामी बल्लेबाज हैं और बाएं हाथ की बल्लेबाज भी तो आपको RCB को सपोर्ट जरूर करना होगा। इसमें कोई विकल्प नहीं है। टीम मैनेजमेंट खुद यही चाहेगी कि जिस तरीके से हरमनप्रीत कौर ने शुरुआत की उसी तरीके से स्मृति मंधाना भी करें।’
RCB अपनी लेगेसी को बनाकर रखेगी: पार्थिव पटेल
पार्थिव पटेल की मानें तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर हमेशा से ही आक्रामक क्रिकेट खेलती हुई नजर आई हैं। उन्होंने हमेशा से ही बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी की है। WPL में भी वो अपने इस रवैए को नहीं बदलेगी।
पार्थिव पटेल ने आगे कहा कि, ‘जब हम बड़े खिलाड़ियों की बात करते हैं तो फ्रेंचाइजी क्रिकेट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से काफी अलग होता है लेकिन RCB फैंस यही दुआ करते हैं कि उनकी टीम अपनी लेगेसी को बनाकर रहे। वो आक्रामक क्रिकेट खेलती हैं और महिला प्रीमियर लीग के पहले सत्र में भी हमें यही देखने को मिल सकता है।’
यह आज यानी 5 मार्च का पहला मुकाबला है। डबल हेडर में दूसरा मुकाबला गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच में खेला जाएगा।