यह कमेंटेटर अभी भी बल्लेबाजी कर सकता है: वसीम जाफर ने दिनेश कार्तिक की जमकर की प्रशंसा
राजकोट की पिच पर खेलना इतना आसान नहीं है लेकिन जिस तरह से भारत ने खेला है खास तौर पर हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक ने वो काफी कमाल का था: वसीम जाफर
अद्यतन - Jun 18, 2022 1:52 pm

राजकोट में 17 जून को खेले गए भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथे टी-20 मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 82 रनों से मात देकर इस सीरीज को 2-2 से बराबर कर लिया है। इस जीत के हीरो रहे विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक जिनकी अर्धशतकीय पारी की बदौलत टीम इस सीरीज को बराबर करने में सफल रही। इसी के साथ भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने अपने पूर्व साथी की जमकर तारीफ की है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने कार्तिक के 27 गेंदों में 55 रन की बदौलत 20 ओवर में 169 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी इस पारी में 9 चौके और 2 छक्के जड़े थे। उनके और हार्दिक पांड्या (46) के बीच 5वें विकेट के लिए 65 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई थी जिसकी वजह से टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवरों में 170 रन का लक्ष्य दिया था।
जवाब में आवेश खान की घातक गेंदबाजी के सामने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों की एक ना चली और मात्र 87 रन पर ऑलआउट हो गए। इसी के साथ वसीम जाफर ने दिनेश कार्तिक की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की।
दिनेश कार्तिक के कभी ना हार मानने वाले रवैये ने सभी को प्रभावित किया है: वसीम जाफर
जाफर ने ESPN क्रिकइंफो से बातचीत के दौरान कहा कि, ‘मुझे 2006 का टी-20 मुकाबला याद है क्योंकि उस मुकाबले में मैं भी टीम में शामिल था। इंडिया ने वो टी-20 मुकाबला जीता था। कार्तिक ने उस मुकाबले में 28 गेंदों में 31 रन की नाबाद पारी खेली थी।
उन्होंने काफी समय के बाद टीम में वापसी की और अपना पहला टी-20 अर्धशतक जड़ा। उनका फॉर्म और पैशन देखने लायक था। उनकी फिटनेस अभी भी वैसी ही है। IPL 2022 में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने हार नहीं मानी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार वापसी की। उनके कभी ना हार मानने वाले रवैये ने सभी को प्रभावित किया है। यह कमेंटेटर अभी भी बल्लेबाजी कर सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘वो पिछले काफी समय से टीम के अंदर और बाहर रहे हैं। उन्होंने जिस तरीके का प्रदर्शन इस टी-20 मुकाबले में किया है वह काफी सराहनीय है। उन्होंने हर तरफ शॉट्स खेले और अपनी बल्लेबाजी को खूब एंजॉय किया। 10 ओवरों के बाद लग नहीं रहा था कि टीम 169 तक पहुंच पाएगी लेकिन कार्तिक की वजह से उन्होंने यह कर दिखाया। जब वो कमेंट्री करते हैं तब भी उनका उत्साह देखने योग्य होता है और जब वो क्रिकेट खेलते हैं तब भी उनका खेल देखने योग्य होता है।
गेंदबाजों को लेकर वसीम जाफर ने कहा कि, ‘राजकोट की पिच पर खेलना इतना आसान नहीं है लेकिन जिस तरह से भारत ने खेला है खास तौर पर हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक ने वो काफी कमाल का था। आवेश खान ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की और टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। राहुल द्रविड़ और ऋषभ पंत ने उनके ऊपर भरोसा जताया था और उन्होंने उस भरोसे को बिल्कुल सही ठहराया।
इंडिया ने सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया है: वसीम जाफर
Pant to Bavuma after leveling the series #INDvSA pic.twitter.com/nh48BXu18w
— Wasim Jaffer (@WasimJaffer14) June 17, 2022
वसीम जाफर ने कहा कि, ‘इंडिया ने जो दो मुकाबले जीते वो काफी बड़े अंतर से जीते हैं। उनका विश्वास अब और बढ़ गया होगा। दक्षिण अफ्रीका को भी आखिरी टी-20 मुकाबले में जमकर अभ्यास करके आना होगा। अभी तक दो या तीन खिलाड़ियों के अलावा उनकी तरफ से बेहतरीन खेल देखने को नहीं मिली है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांचवां और आखिरी टी-20 मुकाबला 19 जून को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज अभी तक 2-2 से बराबरी पर है।