वर्ल्ड कप 2023 से अपना नाम वापस लेने वाली है पाकिस्तान! PCB अध्यक्ष नजम सेठी ने दिया बड़ा बयान
वनडे वर्ल्ड कप 2023 अक्टूबर-नवंबर में भारत में आयोजित किया जाएगा।
अद्यतन - जून 17, 2023 1:33 अपराह्न

एशिया कप 2023 श्रीलंका और पाकिस्तान में संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। लंबी चर्चा के बाद यह टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में खेला जाएगा भारत के मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे वहीं अगर टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तभी फाइनल मुकाबला श्रीलंका में खेला जाएगा। एशिया कप की मेजबानी जब पाकिस्तान को मिली थी तब भारत ने पाकिस्तान का दौरा करने से मना कर दिया था।
बीसीसीआई के फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारत का दौरा करने से इंकार कर दिया था। वनडे वर्ल्ड कप शुरू होने में बस चार ही महीने बचे हैं, लेकिन पाकिस्तान वर्ल्ड कप का हिस्सा बनेगी या नहीं? इस पर संशय बना हुआ है। इस बीच हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी का कहना है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप के लिए भारत जाएगी या नहीं, यह फैसला पूरी तरह से सरकार द्वारा लिया जाएगा।
समय आने पर सब तय होगा- नजम सेठी
नजम सेठी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बात करते हुए कहा, ‘हमने आईसीसी को लिखा है कि हम भारत दौरे पर स्वीकृति और अस्वीकृति नहीं दे सकते। यह फैसला हमारी सरकार ने किया है, ठीक वैसे ही जैसे भारत के लिए होता है। हम अहमदाबाद में खेलेंगे या नहीं यह बाद की बात है। समय आने पर तय किया जाएगा कि हम जाएंगे या नहीं। और फिर सरकार हमें बताएगी कि हम कहां खेल सकते हैं और कहां नहीं।’
भारत और पाकिस्तान ने लंबे समय पहले सुरक्षा कारणों के चलते एक-दूसरे के देश का दौरा करना बंद कर दिया है। दोनों ही टीमें आईसीसी व एशिया कप जैसे टूर्नामेंट में आपस में खेलते हुए नजर आती है। नजम सेठी ने आगे बात करते हुए 2016 टी-20 वर्ल्ड कप की याद दिलाई, जब पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के फैसले के बाद ही भारत का दौरा किया था।
नजम सेठी ने आगे कहा, ‘अभी कुछ भी चर्चा करना जल्दबाजी होगी। पता नहीं उस समय कौन सी सरकार सत्ता में होगी लेकिन यह अलग बात है कि जब स्थिर सरकार होगी तो सही समय आने पर हम उनसे पूछेंगे। हमने आईसीसी को भी यही बताया है कि अगर हमारी सरकार सुरक्षा हालातों को देखते हुए मंजूरी देती है तो हम आएंगे। लेकिन अगर वे नहीं है तो हम कैसे आ सकते हैं।’