फरीद अहमद पर बल्ला उठाने के लिए आसिफ अली की खिंचाई करते हुए गुलबदीन नायब ने की प्रतिबंध की मांग
पाकिस्तान ने इस सुपर फोर मैच में अफगानिस्तान को एक विकेट से हराया।
अद्यतन - Sep 8, 2022 6:43 pm

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 7 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2022 के सुपर फोर मैच के दौरान शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में कुछ अनपेक्षित और अशोभनीय दृश्य देखने को मिले। दरअसल, पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान मैच के दौरान आसिफ अली और फरीद अहमद के बीच हाथ-पाई होते-होते रह गई, और मामला इस कदर बिगड़ा कि अन्य खिलाड़ियों को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा।
यह घटना पाकिस्तान के जीत के लिए 130 रनों का पीछा करने के दौरान 19वें ओवर में घटित हुई, जब अफगानिस्तान के गेंदबाज फरीद अहमद ने आसिफ अली को आउट करने के बाद उन्हें घूरते हुए देखा, जो पाकिस्तानी क्रिकेटर क्रिकेटर को बिल्कुल पसंद नहीं आया।
गुलबदीन नायब ने फरीद अहमद पर बल्ला तानने के लिए आसिफ अली की आलोचना की
आसिफ अली को इस चीज पर इतना गुस्सा आ गया कि उन्होंने फरीद अहमद पर वार करने के लिए अपना बल्ला उन पर तान दिया। जिससे न केवल खिलाड़ी हैरान रह गए, बल्कि कमेंटेटर भी ताज्जुब में थे, जिसके बाद हसन अली समेत पाकिस्तानी खेमे के खिलाड़ी मैदान में आए, और आसिफ अली को चलने के लिए कहा, वहीं अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भी वहां पहुंचे और मामले को शांत किया।
इस घटना के बाद आसिफ अली जमकर आलोचना का शिकार हो रहे हैं, और अब इस लंबी लिस्ट में अफगानिस्तान के ऑलराउंडर गुलबदीन नायब भी शामिल हो गए हैं, जिन्होंने इस हरकत के लिए पाकिस्तानी बल्लेबाज को खरी-खोटी सुनाई है। उन्होंने आसिफ अली को एशिया कप 2022 से प्रतिबंधित करने की भी मांग की है।
गुलबदीन नायब ने आईसीसी और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) को ट्विटर पर टैग करते हुए लिखा: “यह आसिफ अली द्वारा दिखाई गई चरम स्तर की मूर्खता है। आसिफ को बाकी टूर्नामेंट से बैन कर देना चाहिए। किसी भी गेंदबाज को अपने हिसाब से जश्न मनाने का अधिकार है, लेकिन मैदान पर शारीरिक रूप से हमला करना या करने की कोशिश करना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।”
This is stupidity at extreme level by Asif Ali and should be ban from the rest of the tournament, any bowler has the right to celebrate but being physical is not acceptable at all. @icc @ACCMedia1 pic.twitter.com/3ledpmM3mt
— Gulbadin Naib (@GbNaib) September 7, 2022