IND vs AUS: भारतीय टीम के डेथ गेंदबाजी को लेकर सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान
जब बुमराह होते हैं तब वो किसी भी स्कोर को डिफेंड कर लेते हैं, लेकिन जब वो ना हो तो टीम 200 के ऊपर भी बनवा देती है: सुनील गावस्कर
अद्यतन - Sep 23, 2022 3:59 pm

जैसे-जैसे टी-20 वर्ल्ड कप और नजदीक आ रहा है भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी खराब होता जा रहा है। बता दें, पिछले चार टी-20 मुकाबलों में भारतीय टीम को 3 में हार झेलनी पड़ी है। टीम की सबसे बड़ी चिंता उनकी डेथ गेंदबाजी है।
पहले एशिया कप के सुपर 4 में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ और अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में टीम के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में काफी खराब गेंदबाजी की है जिसकी वजह से उनको इन तीनों ही मैच में हार झेलनी पड़ी है।
टीम मैनेजमेंट हर्षल पटेल और भुवनेश्वर कुमार की तेज गेंदबाजी से काफी परेशान है, हालांकि उनके लिए अच्छी बात यह है कि जसप्रीत बुमराह ने टीम में वापसी कर ली है और दूसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए नजर आ सकते हैं। इसी के साथ पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने टीम के प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है।
सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स तक में कहा कि, ‘यही इंडिया की कमजोरी है। यह कोई नई समस्या नहीं है बल्कि पिछले कुछ सालों से हम ये देखते हुए आ रहे हैं कि जब भी उनको स्कोर को डिफेंड करना होता है, तब बिना बुमराह के उन को काफी परेशानी होती है। जब बुमराह होते हैं तब वो किसी भी स्कोर को डिफेंड कर लेते हैं, लेकिन जब वो ना हो तो टीम 200 के ऊपर भी बनवा देती है। हमें इस समस्या को जल्द से जल्द ठीक करना पड़ेगा वरना आगे जाकर यह हमें और भी परेशानी दे सकता है।’
भारतीय टीम लक्ष्य को रोकने में नाकाम रही है: सुनील गावस्कर
बता दें, चोटिल होने की वजह से जसप्रीत बुमराह को एशिया कप टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में तो अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन सुपर 4 में खराब प्रदर्शन करने की वजह से फाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाए।
पहले टी-20 मुकाबले में भी जसप्रीत बुमराह को प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया गया था। इंडिया के पास बेहतरीन तेज गेंदबाजों की लिस्ट है लेकिन वो अपने युवा गेंदबाजों के ऊपर भरोसा जता रहे हैं। मोहम्मद सिराज काउंटी खेल रहे हैं, प्रसिद्ध कृष्णा चोटिल हैं, मोहम्मद शमी कोविड की वजह से बाहर हो गए हैं।
सुनील गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘अगर जसप्रीत बुमराह की फिटनेस के बारे में बात की जाए तो उनका टीम में होने बेहद जरूरी है। टीम मैनेजमेंट भी यही चाह रही है कि वो पूरी तरह से फिट हो जाएं और तभी उन्हें भारत की प्लेइंग XI में शामिल किया जाए। वो शायद नागपुर में खेल भी सकते हैं और नहीं भी, लेकिन एक बात है जब भी भारतीय टीम किसी लक्ष्य का पीछा करती है तब वह मुकाबले जीतती है, लेकिन जब इसके विपरीत होता है तब उनकी गेंदबाजी में काफी कमी दिखती है। इस को जल्द से जल्द ठीक करने की जरूरत है क्योंकि आखिरी के 4-5 ओवर किसी भी टीम के लिए काफी अहम होते है।’