टी20 फॉर्मेट में तिलक वर्मा का जबरदस्त प्रदर्शन जारी, SMAT 2024 में शतक जड़ इस बेहतरीन उपलब्धि को किया अपने नाम
तिलक वर्मा ने 67 गेंदों में 151 रनों की मैच विनिंग पारी खेली
अद्यतन - नवम्बर 23, 2024 3:05 अपराह्न

भारतीय टीम के उभरते हुए स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा ने टी20 फॉर्मेट में इतिहास रच दिया है। वो पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने टी20 फॉर्मेट में लगातार तीन शतक जड़े हैं। तिलक वर्मा ने यह उपलब्धि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हैदराबाद की ओर से खेलते हुए मेघालय के खिलाफ हासिल की।
उन्होंने मेघालय के खिलाफ टूर्नामेंट की अपनी शुरुआत धमाकेदार तरीके से की। बता दें कि, तिलक वर्मा ने अपनी टीम के लिए 67 गेंदों में 151 रनों की मैच विनिंग पारी खेली, जिसकी वजह से हैदराबाद ने चार विकेट खोकर 248 रन बनाए। यही नहीं तिलक वर्मा की 151 रनों की पारी इस टूर्नामेंट के इतिहास का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है।
इससे पहले तिलक वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई चार मैचों की टी20 सीरीज के अंतिम दो मुकाबलों में बैक-टू-बैक शतक जड़े थे। उन्होंने सेंचुरियन में 107 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जबकि चौथे टी20 में इस युवा खिलाड़ी ने 47 गेंदों में 120* रन बनाए थे। भारत ने उस टी20 सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया था।
हैदराबाद ने 179 रनों से जीत दर्ज की
SMAT में हुए हैदराबाद बनाम मेघालय मुकाबले की बात करें तो मेघायल पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करने उतरी। लेकिन उसके बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और मेघालय की टीम 69 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अर्पित भतेवारा ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। अर्पित के अलावा जसकीरत सिंह ने 16 रनों की पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कोई भी अन्य खिलाड़ी 10 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया।
हैदराबाद की ओर से गेंदबाजी में अनिकेत रेड्डी ने कमाल का प्रदर्शन किया और चार ओवर में 11 रन देकर चार विकेट झटके। हैदराबाद टीम ने इस टूर्नामेंट की अपनी शुरुआत बेहतरीन तरीके से की है और टीम ग्रुप A में चार अंकों के साथ पहले पायदान पर है।