WPL 2025: फाइनल में टॉस का रहेगा महत्व, दोनों टीमों के लिए इसे जीतना है बेहद जरूरी
महिला प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल मैच आज यानी 15 मार्च को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा।
अद्यतन - Mar 15, 2025 5:23 pm

महिला प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल मैच आज यानी 15 मार्च को मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमों को इस मैच में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है।
चाहे मुंबई इंडियंस हो या दिल्ली कैपिटल्स दोनों ही टीमों के पास आक्रामक बल्लेबाज हैं और उन्हें हमेशा से ही लक्ष्य का पीछा करना अच्छा लगा है। इस सीजन में मुंबई इंडियंस ने पांच बार लक्ष्य का पीछा किया है और चार बार जीत दर्ज की है। दिल्ली कैपिटल्स की बात की जाए तो उन्होंने 6 मैच में 5 में जीत दर्ज की है।
पिछले दो फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स ने दोनों बार टॉस जीता, लेकिन उनके बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। महिला प्रीमियर लीग 2023 के फाइनल में मुंबई इंडियंस टीम ने उन्हें 131 रन पर रोक दिया था और फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी।
यही नहीं पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली टीम को 113 रन पर ढेर कर दिया था और फिर इस मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया था। हालांकि, 2025 के फाइनल में दिल्ली टीम यह गलती बिल्कुल नहीं दोहराना चाहेगी।
मुंबई इंडियंस दूसरी बार ट्रॉफी जीतना चाहेगी
मुंबई इंडियंस की बात की जाए तो उन्होंने 2023 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में हराया है। हालांकि टीम के लिए इस सीजन में उन्हें हराना इतना आसान नहीं होने वाला है। इस सीजन में दिल्ली टीम ने तीनों ही डिपार्टमेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और विरोधी टीम के ऊपर दबाव डाला है।
दिल्ली कैपिटल्स जहां एक तरफ फाइनल में हार की हैट्रिक पर रोक लगाना चाहेगी, वहीं दूसरी ओर मुंबई इंडियंस ट्रॉफी को दूसरी बार जीतना चाहेगी।