World Cup 2023: Match 9: IND vs AFG: टॉस अपडेट: अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, यह रही दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत के खिलाफ मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - Oct 11, 2023 1:38 pm

आज यानी 11 अक्टूबर को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 9वां मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मैच को अपने नाम करना चाहेगी।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। उस मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से विराट कोहली और केएल राहुल ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण अर्धशतक जड़े थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 200 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम के तीन विकेट मैच दो रन पर ही गिर गए थे। हालांकि उसके बाद केएल राहुल और विराट कोहली ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी भी की।
वहीं अफगानिस्तान टीम की बात की जाए तो उनके आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के अभियान की शुरुआत काफी खराब रही। उनको बांग्लादेश के खिलाफ अपने पहले मैच में हार झेलनी पड़ी है। हालांकि अब भारत के खिलाफ टीम अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी और मैच को जीतना चाहेगी।
भारतीय फैंस के लिए यह अच्छी बात है कि विराट कोहली वापस फॉर्म में आ गए हैं और टीम के सभी गेंदबाज भी काफी अच्छे फॉर्म में है। हालांकि टॉप ऑर्डर को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी। भारत के खिलाफ मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
यह रही दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
अफगानिस्तान (Afghanistan):
रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहीदी (कप्तान), मोहम्मद नबी, नजीबुल्लाह जादरान, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नवीन उल हक, फजलहक फारूकी
भारत (India):
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह
भारत बनाम अफगानिस्तान हेड टू हेड रिकॉर्ड वर्ल्ड कप में:
अभी तक दोनों टीमों के बीच वनडे वर्ल्ड कप में एक ही मैच खेला गया है जिसमें भारत ने जीत दर्ज की थी।
पिच रिपोर्ट:
अरूण जेटली स्टेडियम की पिच गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों के लिए ही एक संतुलित पिच है। तेज गेंदबाज पिच की दोहरी गति वाली प्रकृति का उपयोग कर सकते हैं और बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। इस पिच पर टॉस जीतकर पहले टीम बल्लेबाजी करने का फैसला चुन सकती है। इस पिच पर पहली पारी का औसत स्कोर 207 रन है।
इस पिच पर पिछला मुकाबला साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बीच खेला गया था। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 428 रन बोर्ड पर लगाए थे। श्रीलंका ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 326 रन बनाए थे। भारत बनाम अफगानिस्तान के मुकाबले में भी अच्छे-खासे रन बनते हुए नजर आएंगे।