Tri-Nation Series 2026: भारत ए को मजबूती देने के लिए टीम में शामिल किया गया 150 किलोमीटर की रफ्तार से गेंद फेंकने वाला गेंदबाज
गेंदबाज को बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया गया है।
अद्यतन - जून 16, 2026 11:48 पूर्वाह्न

श्रीलंका में जारी ट्राई नेशन ए सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट ने एक बड़ा बदलाव किया है। बता दें हाल में ही चोटिल हुए तेज गेंदबाज युधवीर सिंह की जगह अशोक शर्मा को शामिल किया गया है। अशोक अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और लगातार 150 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं। भारत ए टीम यह बदलाव श्रीलंका ए के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार के बाद देखने को मिला।
दूसरी ओर, युधवीर वनडे ट्राई सीरीज के तीनों मैचों में इंडिया ए के लिए नहीं खेले हैं और दुर्भाग्य से टूर्नामेंट के अंतिम चरणों में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इस बीच, अशोक मंगलवार सुबह श्रीलंका के लिए रवाना होंगे और बाकी टीम से जुड़ेंगे। इंडिया ए को सीरीज का अपना आखिरी लीग मैच बुधवार, 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ खेलना है, जिसके लिए तेज गेंदबाज चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
17 जून 2026 को 24 साल के होने वाले अशोक ने इंडिया ए में चयन से पहले के कुछ बेहतरीन महीने बिताए हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 10 मैचों में 22 विकेट लेकर टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का खिताब हासिल किया। इसके बाद उन्होंने 2026 इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटंस की ओर से खेले और 10 मैचों में 6 विकेट हासिल किए। लेकिन, पूरे आईपीएल के दौरान वह अपनी तेज गेंदबाजी के लिए सुर्खियों में रहे।
भारत ए के अभी तक के प्रदर्शन पर एक नजर
दूसरी ओर, जारी ट्राई नेशन ए सीरीज में तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम को सीरीज में तीन मैचों में से दो में हार का सामना करना पड़ा है। इसमें श्रीलंका ए के खिलाफ नाटकीय और विवादास्पद हार भी शामिल है, जहां वे सुपर ओवर में 17 रनों का पीछा करने में असफल रहे। खैर, अब भारत ए को अफगानिस्तान ए के खिलाफ जीत की सख्त जरूरत है, ताकि वे अपनी जीत की उम्मीदों को बरकरार रख सकें। दोनों टीमों के बीच यह मैच 17 जून को दांबुला में खेला जाएगा।