प्रसिद्ध पाकिस्तानी टीवी होस्ट ने उड़ाया मोहम्मद रिजवान का मजाक, अहमद शहजाद का रिएक्शन हुआ वायरल
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा और वह प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाई।
अद्यतन - मई 27, 2026 4:21 अपराह्न

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा और वह प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाई। इसके बाद से पाक टीम और कप्तान मोहम्मद रिजवान की जमकर आलोचना हो रही है। टूर्नामेंट में पाकिस्तान को भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। वहीं बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान का मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।
सोशल मीडिया पर मोहम्मद रिजवान और पाकिस्तान के बाकी खिलाड़ियों को लेकर तमाम लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया रख रहे हैं। पाक फैन्स टीम के प्रदर्शन से काफी निराश हैं। हाल ही में पाकिस्तान के टीवी होस्ट ताबिश हाशमी ने मोहम्मद रिजवान की अंग्रेजी का जमकर मजाक उड़ाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सबसे हैरान कर देने वाली बात यह थी कि टीवी शो में पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद आमिर और राशिद लतीफ भी शामिल थे, जबकि अहमद शहजाद भी इसमें शामिल हुए। जैसे ही ताबिश हाशमी ने मोहम्मद रिजवान की अंग्रेजी की नकल उतारी अहमद शहजाद अपनी हंसी रोक नहीं पाए और उन्हें जमकर ठहाके लगाते हुए देखा गया।
यहां देखें वीडियो:
Tabish Hashmi, a Pakistani TV anchor, mocked Pakistan skipper Muhammad Rizwan's oratory skills on his show. "What is this 'sometimes you win, or you learn'," he said, following which ex-Pakistan batter Ahmed Shehzad, a panelist, nearly fell off his chair while laughing. pic.twitter.com/d3guhO9zRF
— Neon Man Tweets (@neonmantweets__) March 1, 2025
पाकिस्तान ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में भाग लिया था। इस त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मैच में पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। इस सीरीज में भी पाक खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। बाबर आजम की बल्लेबाजी को लेकर तमाम लोग निराश हैं। पिछले काफी समय से वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं।
बता दें कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत, न्यूजीलैंड ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस समय टूर्नामेंट का अंतिम लीग मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।