क्या उमरान मलिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार नहीं हैं? आकाश चोपड़ा ने वास्तविकता पर प्रकाश डाला
उमरान मलिक को अब तक तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में मौका दिया गया, लेकिन वह अपनी छाप छोड़ने में नाकामयाब रहे।
अद्यतन - Jul 13, 2022 10:17 am

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और क्रिकेट पंडित आकाश चोपड़ा ने उभरते हुए तेज गेंदबाज उमरान मलिक को लेकर बड़ा बयान दिया है। आपको बता दें, आईपीएल 2022 (IPL 2022) में बेहतरीन प्रदर्शन के बदौलत जम्मू और कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था, लेकिन वह डेब्यू आयरलैंड दौरे पर कर पाए थे।
उमरान मलिक को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी मौका दिया गया, लेकिन वह गेंद के साथ भारतीय क्रिकेट टीम के लिए भारी पड़े, क्योंकि एक्सप्रेस गेंदबाज ने अपने चार ओवरों में 56 रन गवांकर केवल एक विकेट लिया। उमरान को अब तक तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में मौका दिया गया, लेकिन वह अपनी छाप छोड़ने में नाकामयाब रहे, क्योंकि वह मात्र दो विकेट लेने में सफल रहे, जबकि आईपीएल 2022 (IPL 2022) में उन्होंने 150 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से लगातार गेंदबाजी करते हुए 14 मैचों में 22 विकेट लिए थे।
उमरान मलिक फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार नहीं है: आकाश चोपड़ा
22-वर्षीय तेज गेंदबाज के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा वह फिलहाल अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार नहीं है, उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने से पहले एक्सपोजर हासिल करने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा उमरान मलिक अभी भी एक अपरिपक्व प्रतिभा है, क्योंकि उन्होंने अभी बहुत अधिक क्रिकेट नहीं खेला है।
आकाश चोपड़ा अपने यूट्यूब चैनल पर एक Q&A सेशन के दौरान कहा: “उमरान मलिक के पास तूफानी गति से गेंदबाजी करने की ताकत है, जो दूसरों के पास नहीं है। आप इस कला को किसी भी गेंदबाज को नहीं सिखा सकते, यह प्राकृतिक है जो उमरान के पास है। आप खिलाड़ियों को सब कुछ सिखा सकते हैं – लाइन और लेंथ, यॉर्कर, बाउंसर, स्लोअर, लेकिन आप किसी को भी तेज गति से गेंदबाजी करना नहीं सिखा सकते। आप या तो एक तेज गेंदबाज के रूप में पैदा हुए हैं, या फिर एक मध्यम गति के गेंदबाज के रूप में जन्में हैं।
इसमें कोई शक नहीं, उमरान मलिक के पास गति है। लेकिन मुझे लगता है कि वह अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार नहीं हैं। मेरे लिए यह कहना बहुत आसान है कि उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर मौका दिए जाने से पहले घरेलू क्रिकेट में समय चाहिए। उसने अभी बहुत अधिक क्रिकेट नहीं खेला है इसलिए वह अभी भी अपरिपक्व प्रतिभा है।”