IPL 2025: साई सुदर्शन की मैच विनिंग पारी के फैन हुए वरुण आरोन, तारीफ करते हुए कही बड़ी बात
राजस्थान के खिलाफ सुदर्शन ने 82 रनों की शानदार पारी खेली थी।
अद्यतन - अप्रैल 10, 2025 4:39 अपराह्न

9 अप्रैल को गुजरात टाइटंस और राजस्थान राॅयल्स के बीच जारी आईपीएल का 23वां मैच खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में गुजरात ने कमाल की बल्लेबाजी करने के बाद, बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 58 रनों से जीत हासिल की है।
मुकाबले में गुजरात टाइटंस के इनफाॅर्म सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने कप्तान गिल (2) के जल्दी आउट होने के बाद, 53 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 82 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। युवा खिलाड़ी की इस पारी की हर जगह तारीफ देखने को मिली। तो वहीं, अब इसी क्रम में नया नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर वरुण आरोन का जुड़ गया है। आरोन ने सुदर्शन की तारीफ करते हुए बड़ी बात कह डाली है।
साई सुदर्शन को लेकर वरुण आरोन ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि गुजरात बनाम राजस्थान मैच के खत्म होने के बाद, जियोहाॅटस्टार के साथ चर्चा करते हुए वरुण आरोन ने कहा- उनकी भूमिका पूरी तरह से स्पष्ट है और वे बहुत मेहनत करते हैं। मैं इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हूं कि साई मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह बहुत प्रतिबद्ध हैं। अब उनका समर्पण दिख रहा है। आज उन्होंने जिस तरह से खेला वह असाधारण था।
संदीप शर्मा की गेंद पर कवर के ऊपर से लगाए गए दो छक्के आसान नहीं थे। खासकर यह देखते हुए कि संदीप बहुत तेज गेंदबाजी नहीं करते हैं। जब वे वाइड गेंदबाजी कर रहे हों तो कवर के ऊपर से छक्के मारना, यह दर्शाता है कि साई शानदार फॉर्म में हैं और गेंद को अच्छी तरह से देख पा रहे हैं।
आरोन ने आगे कहा- गुजरात टाइटंस ने वास्तव में युवा प्रतिभाओं में निवेश किया है। उदाहरण के लिए शाहरुख खान को ही लें, पिछले कुछ सत्रों में रन नहीं बनाने के बावजूद, टीम ने उन पर भरोसा बनाए रखा है और उन्हें स्पष्ट रूप से परिभाषित भूमिका दी है। राहुल तेवतिया एक विश्वसनीय योगदानकर्ता बने हुए हैं, जो साल दर साल अपनी भूमिका निभा रहे हैं।