IND vs NZ: फिन एलेन को जिस तरीके से मोहम्मद शमी ने आउट किया उसको देख मैं उनका फैन हो गया हूं: इरफान पठान
रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।
अद्यतन - जनवरी 23, 2023 7:38 अपराह्न

रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने किसी भी न्यूजीलैंड के बल्लेबाज को टिकने नहीं दिया और अपनी शानदार गेंदबाजी से भारतीय टीम को जीत दिलाई।
मोहम्मद शमी की इस गेंदबाजी के चलते भारत ने यह मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम किया। मोहम्मद शमी की इस गेंदबाजी को देखकर पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है। इरफान पठान की मानें तो जिस तरीके से शमी ने पहले ओवर में फिन एलेन को गेंदबाजी की वो काफी सराहनीय थी।
न्यूजीलैंड टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिन एलेन मोहम्मद शमी की गेंद को समझ ही नहीं पाए और बिना खाता खोले मुकाबले के पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए।
मोहम्मद शमी का मैं फैन हो गया हूं: इरफान पठान
स्टार स्पोर्ट्स में बात करते हुए इरफान पठान ने मोहम्मद शमी के लिए कहा कि, ‘मैं शमी की गेंदबाजी से काफी प्रभावित हुआ। उन्होंने जिस तरह से पहला ओवर फेंका और पहला विकेट अपने नाम किया वो सच में कमाल का था। उन्होंने अपनी कलाई का शानदार तरीके से इस्तेमाल किया और अलग-अलग वेरिएशन से गेंदबाजी की। इसी वजह से न्यूजीलैंड का कोई भी बल्लेबाज उनकी गेंद को समझ ही नहीं पाया।’
माइकल ब्रेसवेल के विकेट को लेकर इरफान पठान ने आगे कहा कि, ‘ब्रेसवेल के खिलाफ भी शमी ने अपने छोर को बदला। उन्होंने पिच को समझ कर काफी बेहतरीन बाउंसर फेंकी और यह विकेट अपने नाम किया। हर विकेट काफी महत्वपूर्ण था और इसी वजह से उनका स्पेल काफी शानदार था। पिछले 7 मुकाबलों में वो इतनी अच्छी गेंदबाजी ही नहीं कर पाए थे लेकिन इस बार उन्होंने यह साबित कर दिया कि वो अभी भी शुरुआत में शानदार तरीके से गेंदबाजी कर विकेट अपने नाम कर सकते हैं।’