VIDEO: बाबर आजम ने ‘गुरु’ गैरी कर्स्टन का गर्मजोशी से किया स्वागत
पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप से पहले तीन मैचों की टी-20 सीरीज में इंग्लैंड से भिड़ेगी
अद्यतन - May 20, 2024 1:37 pm

साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर और भारत के पूर्व हेड कोच गैरी कर्स्टन को हाल ही में पाकिस्तान टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह अब टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के शुरू होने से पहले मेन इन ग्रीन के साथ जुड़ गए हैं। उनके नेतृत्व में फिलहाल पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप से पहले तीन मैचों की टी-20 सीरीज में इंग्लैंड से भिड़ेगी।
गैरी कर्स्टन बुधवार, 22 मई को हेडिंग्ले में होने वाले पहले टी-20 मैच से पहले लीड्स पहुंच चुके हैं। इस दौरान उनके आगमन पर पाक कप्तान बाबर आजम, मेन्स टीम के सहायक कोच अजहर महमूद और टीम मैनेजर वहाब रियाज ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इसका एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसमें बाबर आजम को गैरी कर्स्टन का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए देखा जा सकता है। इसके साथ ही उन्हें टीम की टी-शर्ट और कैप भी सौंपी गई।
यहां देखें वो वीडियो
White-ball head coach Gary Kirsten has joined the Pakistan team in Leeds.
He was welcomed by Babar Azam and the team management.
📹: PCB | #ENGvPAK | #PakistanCricket pic.twitter.com/o6gJzBnvnv
— Grassroots Cricket (@grassrootscric) May 19, 2024
बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान टीम ने गैरी कर्स्टन और जेसन गिलेस्पी को क्रमशः ह्वाइट बॉल और रेड बॉल के कोच के रूप में नियुक्त करने के बाद अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया है। गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तान ने आयरलैंड को तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-2 से हराया और अब तीन मैचों की टी-20 सीरीज में उनका लक्ष्य इंग्लैंड को हराना होगा। यह सीरीज उन्हें 2024 टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी में भी मदद करेगी।
कोच नियुक्त होने के बाद गैरी कर्स्टन ने पाकिस्तान का नेतृत्व करने के लिए अपनी खुशी व्यक्त की और कहा कि मैं वास्तव में पाकिस्तान मेंस क्रिकेट टीम के साथ इस नई यात्रा को शुरू करने के लिए उत्साहित हूं। ऐसी प्रतिभाशाली और गतिशील टीम को प्रशिक्षित करना सम्मान की बात है और मैं अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी सफलता में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।