‘वो मैं था, जिसने उन्हें चुना’ IPL 2008 के दौरान आरसीबी में विराट कोहली को सेलेक्ट करने पर विजय माल्या
लगातार 18 सीजन एक ही आईपीएल टीम के लिए खेलने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं विराट कोहली
अद्यतन - Jun 6, 2025 1:53 pm

आईपीएल टीम राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) टीम के पूर्व मालिक विजय माल्या ने हाल में ही बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने आईपीएल के पहले सीजन के दौरान विराट कोहली को आरसीबी में शामिल किया था।
गौरतलब है कि हाल में ही 3 जून को आईपीएल 2025 के फाइनल में आरसीबी ने 18 साल बाद आईपीएल ट्राॅफी को अपने नाम किया है। विराट कोहली ने बतौर खिलाड़ी व कप्तान टीम के लिए 17 सीजन खेले, लेकिन वह एक बार भी ट्राॅफी नहीं जीत पाए। लेकिन इस बात रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने अपने पहले ही सीजन में आईपीएल ट्राॅफी को अपने नाम कर लिया।
इस बीच टीम के पूर्व मालिक माल्या ने अंडर-19 खिलाड़ियों के लिए पहली नीलामी और ड्राफ्ट में मौजूद होने को याद किया, जिसमें विराट भी शामिल थे। इस दौरान माल्या ने दिल्ली के इस खिलाड़ी को टीम में शामिल करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि अंडर-19 विश्व कप 2008 में भारत के लिए कोहली के प्रभावशाली प्रदर्शन ने उनके फैसले को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभाई। माल्या ने कहा कि बाद में भारतीय दिग्गज को फ्रैंचाइजी का कप्तान नियुक्त करना स्वाभाविक था।
विजय माल्या ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि हाल में ही विजय माल्या ने क्रिकबज के हवाले से कहा- मैं ही वह व्यक्ति था जिसने विराट कोहली को चुना था। मैं चयन के लिए बैठा था, और जैसे ही मेरी बारी आई, मैंने तुरंत विराट को चुन लिया। जाहिर है, भारत की अंडर-19 टीम के साथ उनका प्रदर्शन एक प्रभावशाली कारक था। इसलिए, वह आरसीबी कप्तान बनने के लिए एक स्वाभाविक पसंद थे।
बता दें कि विराट कोहली लगातार 18 सीजन आरसीबी टीम की ओर से ही खेले हैं, और वह लीग इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 18 सीजन एक ही टीम के लिए क्रिकेट खेला। तो वहीं, इस दौरान कोहली ने 267 मैचों में 39.55 की औसत से कुल 8661 रन बनाए हैं। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।