विराट कोहली बिना आक्रामक क्रिकेट खेले तेजी से रन बना सकते हैं: कर्टली एम्ब्रोस
भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस समय 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जा रही है।
अद्यतन - जुलाई 29, 2023 6:09 अपराह्न

वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज कर्टली एम्ब्रोस ने विराट कोहली की जमकर प्रशंसा की है और कहा है कि भारतीय बल्लेबाज को बल्लेबाजी करते हुए देखने में काफी सुकून मिलता है। कर्टली एम्ब्रोस ने यह भी कहा कि कोहली बिना आक्रमक क्रिकेट खेले तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं।
बता दें, विराट कोहली को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में गिना जाता है। उन्होंने अभी तक भारतीय टीम की ओर से कई मुकाबलों में जबरदस्त बल्लेबाजी की है और अपनी टीम की ओर से कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में मैच जिताऊ पारी खेली है।
भारतीय टीम इस समय वेस्टइंडीज दौरे में है जहां इस समय दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इससे पहले भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज भी खेली थी जिसमें उन्होंने मेजबान को 1-0 से करारी शिकस्त दी थी। दूसरे टेस्ट मुकाबले में भी विराट कोहली ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 206 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 121 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी के कई लोग फैन हैं और अब इस लिस्ट में कर्टली एम्ब्रोस भी जुड़ चुके हैं।
विराट कोहली को बल्लेबाजी करते हुए देखने में सच में काफी सुकून मिलता है: कर्टली एम्ब्रोस
कर्टली एम्ब्रोस ने खुल के के अधिकारी की यूट्यूब चैनल पर कहा कि, ‘जब विराट कोहली बल्लेबाजी करते हैं तब उनको खेलते हुए देखकर काफी सुकून मिलता है। वो बिना आक्रामक क्रिकेट खेले तेजी से रन बना सकते हैं। वो ऐसे नहीं है कि लगातार छक्के जड़ेंगे लेकिन उनके अंदर यह काबिलियत है कि तेजी से रन बनाए और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाए।’
भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस समय 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहले वनडे मुकाबले में विराट कोहली को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था लेकिन अब दूसरे वनडे मैच में वो अपनी टीम की ओर से मैच जिताऊ पारी खेलने की पूरी कोशिश करेंगे। वेस्टइंडीज और भारत के बीच दूसरा वनडे मुकाबला आज यानी 29 जुलाई को बारबाडोस में खेला जाएगा। वेस्टइंडीज को अगर इस सीरीज में जीवित रहना है तो उन्हें यह मैच जीतना बेहद जरूरी है।