IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ विराट कोहली ने किया बड़ा कारनामा, तेंदुलकर के बाद बने ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज
आइए आपको कोहली के इस रिकाॅर्ड के बारे में जानकारी देते हैं
अद्यतन - सितम्बर 27, 2026 8:40 अपराह्न

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पूर्व भारतीय कप्तान व अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया है।
बता दें कि कोहली अब वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन बनाने वाले भारत और दुनिया के महज दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं। मुकाबले से पहले कोहली को वनडे क्रिकेट में यह आंकड़ा छूने के लिए 59 रनों की जरूरत थी। लेकिन, कोहली ने यह कारनामा वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय पारी के 29वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अल्जारी जोसेफ के खिलाफ चौका लगाकर पूरा किया। कोहली से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक (18426) रन बनाए हैं।
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टाॅप-5 बल्लेबाज
| खिलाड़ी | रन | देश |
| सचिन तेंदुलकर | 18426 | भारत |
| विराट कोहली | 15002* | भारत |
| कुमार संगाकारा | 14234 | श्रीलंका |
| रिकी पोंटिंग | 13704 | ऑस्ट्रेलिया |
| सनथ जयसूर्या | 13430 | श्रीलंका |
भारत को जीत के लिए 296 रनों की जरूरत
दूसरी ओर, इस मैच में भारत को जीत हासिल करने के लिए 50 ओवरों में 296 रनों की जरूरत है। टाॅस हारकर बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर कुल 295 रन बनाए।
इससे पहले टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में सलामी जोड़ी ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 135 रनों की मजबूत साझेदारी की। जस्टिन ग्रीव्स ने 101 और जाॅन कैंपबेल ने 62 रनों की शानदार पारी खेली, तो आमिर जांगू 58* रन बनाकर नाबाद रहे।
तो वहीं, भारतीय टीम की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव को सबसे ज्यादा 4 विकेट मिले। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा को 2 और नीतीश कुमार रेड्डी को 1 विकेट मिला। देखने लायक बात होगी कि भारत इस टारगेट को कितनी जल्दी हासिल कर पाती है?
ये भी पढ़ें – भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के बीच हार्दिक पांड्या की इंजरी को लेकर, पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ने जताई गहरी चिंता