‘RCB के लिए यह बहुत अच्छे संकेत हैं’- विराट कोहली को लेकर सुनील गावस्कर ने दिया बड़ा बयान
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ विराट कोहली ने 34 गेंदो में 50 रनों की पारी खेली थी।
अद्यतन - अप्रैल 17, 2023 2:24 अपराह्न

आईपीएल 2023 का 24वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बैंगलोर में खेला जाएगा। बैंगलोर ने अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 23 रनों से जीत दर्ज की थी। विराट कोहली ने 34 गेंदो में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 50 रनों की पारी खेली थी।
विराट कोहली बल्ले से कमाल दिखाने के बाद शानदार फील्डिंग करते हुए भी नजर आए थे। इसी वजह से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कोहली ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी अपने नाम किया था। विराट कोहली CSK के खिलाफ भी फॉर्म बरकरार रखते हुए नजर आ सकते हैं। इसी बीच पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने विराट कोहली के फॉर्म पर बड़ा बयान दिया है।
कोहली पूरे श्रेय के हकदार है- सुनील गावस्कर
विराट कोहली आईपीएल के इस सीजन में अब तक चार मैचों में तीन अर्धशतकीय पारी खेल चुके हैं। आपको बता दें विराट के बल्ले से यह तीनों ही पारियां चिन्नास्वामी स्टेडियम में निकली है। विराट कोहली जिस तरह की शुरूआत टीम को दिला रहे हैं, उससे RCB तनावमुक्त हो गई है।
सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘विराट कोहली RCB की पारी को अच्छी शुरूआत दे रहे हैं। उनकी शुरूआत के कारण टीम बोर्ड पर जो रन बना रही है उसके लिए वह काफी श्रेय के हकदार है। ये RCB के लिए अच्छे संकेत हैं।’
200 मैचों में कप्तानी करना मुश्किल होता है- सुनील गावस्कर
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के इस सीजन में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। सुनील गावस्कर भी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए। सुनील गावस्कर ने कहा, ‘चेन्नई सुपर किंग्स मुश्किल हालात से निकलना जानती है। यह एमएस धोनी की कप्तानी में ही संभव हो पाया है।’
‘200 मैचों में कप्तानी करना काफी मुश्किल होता है। इतने मैचों में कप्तानी करना एक बोझ है। और इससे प्रदर्शन पर भी असर पड़ता है। लेकिन माही एक अलग ही कप्तान है। उनके जैसा कोई कप्तान नहीं है और भविष्य में भी उनके जैसा कभी कोई नहीं हो सकता है।’