IND vs BAN: टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले किंग कोहली ने बुमराह और अश्विन के खिलाफ नेट्स में जमकर किया अभ्यास
टीम इंडिया को अब बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 19 सितंबर से चेन्नई में हो रही है।
अद्यतन - सितम्बर 16, 2024 8:51 अपराह्न

टीम इंडिया को अब बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 19 सितंबर से चेन्नई में हो रही है। आगामी टेस्ट सीरीज से पहले दोनों ही टीमें जबरदस्त फॉर्म में हैं। वहीं सीरीज के लिए तैयारियों के मद्देनजर भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने नेट्स में जमकर पसीना बहाया। उन्होंने जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ बल्लेबाजी की।
बता दें, श्रीलंका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में विराट कोहली बल्ले से अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे थे। लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में वह जरूर रन बनाना चाहेंगे। कोहली के अलावा यशस्वी जायसवाल ने भी जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन के खिलाफ नेट्स में अभ्यास किया।
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने स्पिनर्स के खिलाफ जमकर अभ्यास किया। ऐसा इसलिए भी क्योंकि चेन्नई में स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है और बांग्लादेश की स्पिन गेंदबाजी अटैक काफी मजबूत नजर आ रही है। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने भी चेन्नई में कड़ा अभ्यास किया। रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत और मोहम्मद सिराज ने भी इसमें भाग लिया।
बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ जीती है टेस्ट सीरीज
बता दें कि, टीम इंडिया को भारत में हराना आसान नहीं है। हालांकि, बांग्लादेश के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए रोहित शर्मा एंड कंपनी उन्हें हल्के में नहीं लेगी। बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। इस टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश के बल्लेबाजी और गेंदबाजी विभाग ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। अब बांग्लादेश का अगला लक्ष्य यही है कि वो टीम इंडिया को उनके ही घर में मात दे।
पहला टेस्ट मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट कानपुर में होगा। इसके बाद इन दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा टी-20 सीरीज में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे, क्योंकि उन्होंने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के खत्म होने के बाद टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है।