विराट कोहली ने रेस्टोरेंट शुरू करने के लिए किशोर कुमार के बंगले को लिया लीज पर
विराट कोहली इस समय एशिया कप 2022 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
अद्यतन - सितम्बर 2, 2022 8:38 अपराह्न

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली अपने कारोबार का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने जुहू में किशोर कुमार के बंगले का एक हिस्सा अगले पांच वर्षों के लिए लीज पर लिया है। दिवंगत अभिनेता और गायक किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने इस खबर की पुष्टि की और कोहली को लीज पर दिए गए बंगले में एक रेस्तरां खोले जाने की उम्मीद है।
किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने कहा कि ‘हमने विराट कोहली को पांच साल के लिए यह जगह लीज पर दी है। यह सब तब शुरू हुआ जब लीना चंदावरकर के बेटे सुमित कुछ महीने पहले विराट कोहली से मिले और दोनों के बीच बात हुई।’ गौरतलब है कि वन8 कम्यून के नाम से कोहली के अब तक तीन अलग-अलग शहरों दिल्ली, कोलकाता और पुणे में तीन रेस्टोरेंट हैं।
दिलचस्प बात यह है कि कोहली के वन8 कम्यून के इंस्टाग्राम बायो से पता चला है कि मुंबई के जुहू में वो एक नया रेस्तरां खुलने जा रहा है। आधुनिक समय के सुपरस्टार ने अपने रेस्तरां का नाम अपने जर्सी नंबर के नंबर वन8 पर रखा था। हालांकि तारीखों की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस महीने किसी भी समय नए रेस्तरां के लॉन्च होने की उम्मीद है।
एशिया कप में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं विराट कोहली
33 वर्षीय विराट कोहली की हालिया फॉर्म की बात करें तो, कोहली ने भारत के पिछले मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ शानदार अर्धशतक बनाया था और वर्तमान में चल रहे एशिया कप 2022 में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। पिछले कुछ समय से उनका फॉर्म उतना अच्छा नहीं रहा था और उन्होंने निश्चित रूप से अपने आलोचकों को अपने बल्ले से करारा जवाब दिया है।
ऑस्ट्रेलिया में आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए सिर्फ एक महीना बचा है और भारतीय फैंस यही उम्मीद करेंगे कि कोहली पूरे एशिया कप और आगामी वर्ल्ड कप में इसी तरह का फॉर्म जारी रखें। द मेन इन ब्लू अगला मैच रविवार (4 सितंबर) को सुपर चार फेज में हांगकांग और पाकिस्तान के बीच मैच के विजेता टीम से होगा।