अफरीदी के बाद अब अख्तर ने दी विराट कोहली को संन्यास लेने की सलाह - क्रिकट्रैकर हिंदी

अफरीदी के बाद अब अख्तर ने दी विराट कोहली को संन्यास लेने की सलाह

एशिया कप के दौरान शानदार लय में नजर आए थे विराट कोहली।

Shoaib Akhtar And Virat Kohli (Image Credit-Twitter)
Shoaib Akhtar And Virat Kohli (Image Credit-Twitter)

दो साल से अधिक समय तक आउट ऑफ फॉर्म रहने के बाद, विराट कोहली ने हाल ही में समाप्त हुए एशिया कप में शानदार लय में नजर आए थे। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अपने करियर का 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक भीलगाया था। पांच मैचों में 276 रन बनाकर कोहली इस टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक निकले थे।

अब आगामी टी-20 वर्ल्ड कप में भी, कोहली इसी तरह का या उससे भी बेहतर करने की उम्मीद कर रहे होंगे। पिछले साल खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था, जहां वे ग्रुप चरण में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान से हारने के बाद सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहे थे। हालांकि इस बार टीम इंडिया अपने पिछले प्रदर्शन को भूलकर दूसरा टी-20 वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतना चाहेगी।

लेकिन आगामी वर्ल्ड कप से पहले कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ी लगातार कोहली के संन्यास को लेकर बयान दे रहे हैं। सबसे पहले पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कोहली को संन्यास लेने की सलाह दी थी। अब पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपनी राय रखी है।  शोएब अख्तर का मानना है कि कोहली टी20 वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास ले सकते हैं।

टी-20 वर्ल्ड कप के बाद कोहली ले सकते हैं संन्यास- शोएब अख्तर

India.com.के लाइव शो में बातचीत के दौरान शोएब अख्तर ने कहा कि, “कोहली टी20 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास ले सकते हैं। वह अन्य प्रारूपों में ज्यादा समय तक खेलने के लिए ऐसा कर सकता है। अगर मैं उनकी जगह होता तो यह निर्णय लेता।” अख्तर से पहले शाहिद अफरीदी ने विराट को सलाह दी थी कि, टीम से बाहर होने या सवाल किए जाने से बेहतर है कि वो करियर के चरम पर रहकर ही संन्यास लें।

कोहली ने तीनों प्रारूपों में 100 से अधिक मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अगर हम उनके T20I प्रदर्शनों को देखें, तो वह पहले ही 104 मैच खेल चुके हैं। कोहली ने इस फॉर्मेट में 51.94 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 3584 रन बनाए हैं।

close whatsapp