IND vs PAK चैंपियंस ट्रॉफी मैच के बाद ICC रैंकिंग में टॉप 5 में पहुंचे विराट कोहली, मोहम्मद शमी को भी फायदा
भारत के शुभमन गिल इस समय वनडे क्रिकेट के नंबर 1 बल्लेबाज हैं।
अद्यतन - Feb 26, 2025 10:13 pm

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat kohli) को जारी चैंपियंस ट्राॅफी में पाकिस्तान के खिलाफ कमाल की पारी खेलने का बड़ा फायदा पहुंचा है। बता दें कि वह जारी आईसीसी वनडे रैंकिंग में बल्लेबाजों की श्रेणी में पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
गौरतलब है कि कोहली ने 23 फरवरी को दुबई में पाक टीम के खिलाफ 111 गेंदों में 100* रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। कोहली की इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्राॅफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। कोहली का यह वनडे क्रिकेट में 51वां शतक था।
तो वहीं, इस शतकीय पारी के बाद कोहली के जारी ताजा आईसीसी रैंकिंग में 743 रेटिंग पाॅइंट हो गए हैं। कोहली इस समय बल्लेबाजों की श्रेणी में पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को पीछे छोड़कर यह स्थान हासिल किया है।
वहीं, भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 817 रेटिंग पाॅइंट के साथ पहले और बाबर आजम 770 रेटिंग पाॅइंट के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। इसके अलावा भारत के रोहित शर्मा 757 रेटिंग पाॅइंट के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
मोहम्मद शमी को भी हुआ फायदा
दूसरी ओर, हाल में ही करीब 1 साल बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले मोहम्मद शमी (Mohammad Shami) को वनडे में गेंदबाजों की श्रेणी में फायदा हुआ है। बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने पांच विकेट हासिल किए थे। वह जारी ताजा रैंकिंग के बाद 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। तो वहीं, इस समय टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद सिराज दो स्थान के नुकसान के साथ 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
खैर, अब टीम इंडिया जारी चैंपियंस ट्राॅफी में 2 मार्च को अपना आखिरी लीग मैच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के साथ खेलती हुई नजर आएगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।