‘उन्होंने सभी फॉर्मेट में शतक बनाया है’- WTC फाइनल से पहले विराट कोहली को लेकर पूर्व चयनकर्ता का बड़ा बयान
विराट कोहली ने आईपीएल 2023 के 14 मैचों में 639 रन बनाए हैं।
अद्यतन - May 28, 2023 8:58 pm

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 7 जून से 11 जून के बीच इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने पिछले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा था। WTC फाइनल से पहले जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की चोट ने टीम इंडिया को तगड़ा झटका जरूर दिया। लेकिन साथ ही में विराट कोहली और शुभमन गिल जैसे बल्लेबाजों का शानदार फॉर्म टीम के लिए शुभ संकेत हैं।
विराट कोहली आईपीएल के 16वें सीजन में शानदार खेल दिखाते हुए नजर आए हैं। विराट कोहली ने सीजन के 14 मैचों में 2 शतक के मदद से 639 रन बनाए हैं। टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता एमएसके प्रसाद का कहना है कि विराट कोहली आगामी WTC फाइनल में शानदार खेल दिखाते हुए नजर आएंगे।
उन्हें हर मैच में शतक लगाना होता है- प्रसाद
विराट कोहली पिछले कुछ सालों से खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आ रहे थे। लेकिन विराट कोहली ने पिछले साल एशिया कप 2022 के दौरान धमाकेदार वापसी की। एमएसके प्रसाद ने हिंदुस्तान टाइम्स पर बात करते हुए कहा, ‘उनके लिए 2021-22 बहुत अच्छा नहीं रहा। लेकिन ऐसा इसलिए हैं क्योंकि हम उनसे बहुत उम्मीद करते हैं। उन्होंने अपने लिए बहुत ऊंचे मानक तय किए हैं।’
प्रसाद ने आगे कहा, ‘उन्हें हर मैच में शतक लगाना होता है नहीं तो यह नाकामी है। लेकिन आखिर वह एक इंसान है। कप्तानी के दबाव से उन्हें कुछ समय के लिए संघर्ष करना पड़ा, लेकिन एक बार जब उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली तो उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह पिछले साल एशिया कप के बाद से शानदार फॉर्म में हैं। और उन्होंने सभी फॉर्मेट में शतक बनाए।’
कोहली WTC फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करेंगे- प्रसाद
भारतीय टीम ने पिछली आईसीसी ट्रॉफी साल 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीती थी। ‘उनके दिमाग में यह बात जरूरी आ रही होगी कि भारत ने वर्षों से कोई आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीता है, और भारत को जीत दिलाने में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए उन्हें उत्साहित होना चाहिए। उनके फॉर्म को देखते हुए मुझे यकीन है कि वह WTC फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’