पूर्व बल्लेबाज ने बताया कैसे खोए हुए फॉर्म को वापस पा सकते हैं कप्तान कोहली
गायकवाड़ का मानना है कि हर खिलाड़ी अपने जीवन में खराब दौर से गुजरता है।
अद्यतन - Dec 8, 2021 12:12 pm

भारत के पूर्व क्रिकेटर अंशुमन गायकवाड़ ने विराट कोहली की बल्लेबाजी में तकनीकी कमजोरियों को उजागर की है। उन्होंने बताया है कि विराट को अपने पुराने रंग में लौटने के लिए क्या करना होगा। भारतीय टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान का बल्ला पिछले कुछ समय से खामोश है, उनके बल्ले से आखिरी शतक भी साल 2019 में आया था।
विराट कोहली ने हाल ही में अपने कार्यभार का प्रबंधन करने के लिए भारत के टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। विराट न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट का हिस्सा थे, जिसे टीम ने 372 रनों के बड़े अंतर से जीता और यह रनों के मामले में भारतीय टीम की सबसे बड़ी जीत थी।
40 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अंशुमन गायकवाड़ ने कहा कि कोहली जैसे शीर्ष खिलाड़ी का आउट ऑफ फॉर्म कुछ भी अनदेखा या अनसुना नहीं है, क्योंकि प्रत्येक खिलाड़ी कभी न कभी ऐसे दौर का सामना करता है।
विराट कोहली की फॉर्म को लेकर अंशुमन गायकवाड़ ने दिया बड़ा बयान
News18 के हवाले से अंशुमन गायकवाड़ ने कहा कि, “विराट को कुछ आत्म-खोज करनी है। उन्हें अपने बेसिक्स पर वापस जाना होगा। ऐसा कई क्रिकेटरों के साथ हुआ है। यह तब होता है जब आप अपने आत्मविश्वास आदि के साथ ओवरबोर्ड जाते हैं, और आप कुछ आदतें विकसित करते हैं, जिसका परिणाम आपके लिए सुखद नहीं रहता है।”
उन्होंने आगे कहा कि, “विराट बहुत आवेगी हैं। वह आगे जाना चाहता है। लेकिन कैसे जाना है, वह नहीं जानता। यहीं से बल्लेबाजी कोच की भूमिका सामने आती है। विराट या तो रक्षात्मक या आक्रामक होने की कोशिश कर रहे हैं। बीच में कुछ भी नहीं है। यही विराट की समस्या है।”
हालांकि, उन्होंने कोहली का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि बल्लेबाज अपने पिक पर है। गायकवाड़ ने कहा कि, “वह फिट है, और उसकी सजगता अच्छी है। यह एक ऐसा दौर है जो हर क्रिकेटर के करियर में होता है। 1972 में, जब मैं रणजी ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए खेला था, तो मैं पांच बार शून्य पर आउट हुआ था। और 1974 में मैं भारत के लिए खेला।”