“विराट को मुंबई के क्रिकेटरों से सीखना चाहिए…”, DDCA सेक्रेटरी ने दी कोहली को घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह
अशोक शर्मा का कहना है कि, विराट जब भी इंटरनेशनल क्रिकेट से ब्रेक पर हो, तब उन्हें दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए।
अद्यतन - Jan 14, 2025 4:14 pm

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में विराट कोहली का प्रदर्शन काफी ज्यादा निराशाजनक रहा। उन्होंने पांच मैचों में 23.75 की औसत से सिर्फ 190 रन ही बनाए। कोहली ने पहले टेस्ट में शतक जरूर ठोका था, लेकिन फिर बाकी मैचों में टीम के लिए योगदान नहीं दे पाए। कई भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों ने विराट कोहली को घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दी है। इस बीच, दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन के सेक्रेटरी अशोक शर्मा ने भी विराट को घरेलू क्रिकेट खेलने का आग्रह किया है।
विराट जब भी उपलब्ध हो उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए- अशोक शर्मा
विराट कोहली ने आखिरी घरेलू मैच रणजी ट्रॉफी 2012 में खेला था। अशोक शर्मा का कहना है कि, विराट को मुंबई के बल्लेबाजों से कुछ सीखना चाहिए और जब भी इंटरनेशनल क्रिकेट से ब्रेक पर हो, तब दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। अशोक शर्मा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया,
“विराट और ऋषभ दोनों के नाम संभावित खिलाड़ियों की सूची में हैं। रणजी ट्रॉफी कैंप चल रहा है। विराट को मुंबई के क्रिकेटरों से प्रेरणा लेनी चाहिए और जब भी वह उपलब्ध हो, घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए खेलना चाहिए। मुंबई में हमेशा से एक कल्चर रहा है, जहां उनके भारतीय खिलाड़ी जब भी उपलब्ध हो, रणजी मैचों के लिए आते हैं। लेकिन दिल्ली में ऐसा नहीं होता। बीसीसीआई ने भी कहा है कि खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में भाग लेना चाहिए। मुझे लगता है कि विराट और ऋषभ को कम से कम एक मैच खेलना चाहिए, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे ऐसा करेंगे।”
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई एक्शन में हैं। शनिवार 11 जनवरी को हुई रिव्यू मीटिंग में काफी सारी चीजों को लेकर बातचीत की गई है और नए गाइडलाइन भी बनाए गए हैं।
बीसीसीआई ने इंटरनेशनल क्रिकेट से ब्रेक के दौरान खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए कहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा मंगलवार, 14 जनवरी को मुंबई टीम के साथ वानखेड़े में प्रैक्टिस करते हुए नजर आए। वह रणजी ट्रॉफी के दूसरे हाफ में खेल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, शुभमन गिल भी पंजाब के लिए टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे।