नया क्रिकेट नियम आते ही सहवाग ने अश्विन के सामने रखी अजीब मांग
आईपीएल में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए आर अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर को मांकडिंग आउट किया था।
अद्यतन - Mar 9, 2022 3:41 pm

मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने इंटरनेशनल क्रिकेट के कुछ नियमों में बदलाव किए हैं, जिसके बाद मांकडिंग को अब रनआउट की कैटेगरी में रखा जाएगा। जारी किए गए सभी नए नियम 1 अक्टूबर से लागू हो जाएंगे। इस बीच मांकडिंग को लेकर आए नए नियम पर वीरेंद्र सहवाग ने चुटकी लेते हुए आर अश्विन से एक खास गुजारिश की है।
दरअसल नए नियम के मुताबिक, नॉन-स्ट्राइकर को रनआउट करना – लॉ 41 (अनुचित खेल) से कानून 38 (रनआउट) में स्थानांतरित कर दिया गया है। जिस तरह आर अश्विन ने आईपीएल के एक मैच में जोस बटलर को नॉन-स्ट्राइक छोर पर आउट किया था। अब वो पूरी तरह से मान्य है। और कोई भी गेंदबाज नॉन स्ट्राइकर छोर पर इस तरीके से बल्लेबाज को आउट कर सकता है।
जैसे ही ये नए कानून आया, फैंस को एक बार फिर से आईपीएल में अश्विन द्वारा बटलर को मांकड़ तरीके से आउट करने का वो दृश्य याद आ गया। सहवाग ने इस नए नियम को लेकर एक ट्वीट किया है, जो खूब वायरल हो रहा है।
सहवाग ने ट्विटर पर लिखा कि, “अश्विन आपको बधाई, आपके लिए शानदार सप्ताह रहा। पहले आप भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी बने और अब यह। बटलर के साथ मिलकर अब आपको ऐसे रनआउट का प्लॉट बनाने की पूरी आजादी होगी। इस तरह से एक खिलाड़ी को जरूर आउट करना।”
यहां देखिए सहवाग का वो ट्वीट
Congratulations @ashwinravi99, great week this one. First becoming second highest wicket taker in Tests for India, and now this. Ab full freedom to plot such run-outs with Buttler.
Ek karna zaroor 😊 https://t.co/oCjfYdr6nr— Virender Sehwag (@virendersehwag) March 9, 2022
बता दें कि, आईपीएल में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए आर अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर को मांकडिंग आउट किया था, जिसको लेकर काफी विवाद भी हुआ था। और पूरा क्रिकेट जगत इसको लेकर दो हिस्सों में बट गया था। हालांकि उस समय अश्विन की इसको लेकर काफी आलोचना भी हुई थी और उन्हें खेल भावना के खिलाफ जाने के लिए काफी ट्रोल भी किया गया था।
इस साल आईपीएल में अश्विन राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा होंगे और सबसे मजेदार बात ये होगी कि बटलर भी इसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं और फैंस दोनों को एक साथ खेलते हुए देखने के लिए काफी उत्साहित हैं।