'मैं उनके निधन की खबर सुनकर शॉक में था..'- शेन वॉर्न को याद कर इमोशनल हुए कुलदीप यादव - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मैं उनके निधन की खबर सुनकर शॉक में था..’- शेन वॉर्न को याद कर इमोशनल हुए कुलदीप यादव

आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं कुलदीप यादव।

Shane Warne Kuldeep Yadav (Photo Source: Twitter)
Shane Warne Kuldeep Yadav (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न ने मार्च 2022 में दुनिया को अलविदा कहा था। भारतीय युवा खिलाड़ी कुलदीप यादव शेन वॉर्न के साथ एक खास रिश्ता साझा करते थे। कुलदीप यादव ने हाल में बड़ा खुलासा किया है कि शेन वार्न के निधन के 10 दिन पहले उन्होंने उनसे बात की थी। वॉर्न के निधन की खबर सुनकर कुलदीप यादव अपने जज्बातों को काबू नहीं कर पाए थे।

वह चाहते थे कि मैं मैदान में हमेशा खुश रहूं- कुलदीप यादव

कुलदीप यादव ने ब्रेकफास्ट विद चैंपियन शो के नए एपिसोड में बताया, ‘मैं उनके निधन की खबर सुनकर बहुत शॉक में था। मैं वास्तव में रोया था। मैं समझ नहीं पाया ऐसा लगा जैसे मेरे किसी करीबी का निधन हो गया। मैं हमेशा उनके संपर्क में था। उनके निधन से 10 दिन पहले मैंने उनसे बात की थी।’

कुलदीप यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट 2019 में खेला था। भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान सिडनी में शेन वार्न रोजाना कुलदीप यादव से मिलते थे और उन्हें मोटिवेट किया करते थे। कुलदीप यादव ने उस मैच में 5 विकेट लिए थे और इसे शेन वार्न को समर्पित किया था। कुलदीप यादव ने आगे बात करते हुए एक क्रिकेटर के रूप में अपने विकास में शेन वार्न की भूमिका को लेकर भी खुलासा किया।

कुलदीप यादव ने कहा, ‘कभी-कभी मैं बहुत ज्यादा गर्व महसूस करता हूं कि मैंने उन्हें (शेन वॉर्न) को टीवी में देखा था। और फिर मैं उनका दोस्त बन गया। मुझे उनसे सीखने का भी मौका मिला। और मैं भी वही करना चाहता हूं जो उन्होंने किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे में मेरी बहुत मदद की। मैं मैच से पहले थोड़ा नर्वस था, मैं उनसे सुबह मिलता था। वह मेरे पास आते थे और कहते थे, मुझे नहीं पता तुम किस तरह से गेंदबाजी करने वाले हो। लेकिन मैं चाहता हूं कि तुम मैदान में खुश रहो।’

‘मैं तुम्हें पवेलियन से देखूंगा। इससे फर्क नहीं पड़ता कि आप कैसे गेंदबाजी करते हैं बस एक मुस्कान के साथ करो। इसलिए मैंने इसे याद रखा। मैंने मैच में दबाव महसूस नहीं किया और मैंने पांच विकेट लिए जिसे मैंने उन्हें समर्पित किया था। उनकी आंखो में आंसू थे, उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था इसलिए उन्होंने मेरे जीवन को बहुत प्रभावित किया है।’

close whatsapp