लंकाशायर का शुक्रगुजार हूं कि उनकी बदौलत मैं अपने बचपन के सपने को पूरा कर सका: हसन अली - क्रिकट्रैकर हिंदी

लंकाशायर का शुक्रगुजार हूं कि उनकी बदौलत मैं अपने बचपन के सपने को पूरा कर सका: हसन अली

हसन अली को पहले छह काउंटी चैंपियनशिप मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया था। एसेक्स मुकाबले के बाद वो वापस पाकिस्तान लौट जाएंगे।

Hasan Ali
Hasan Ali. (Photo by AAMIR QURESHI/AFP via Getty Images)

पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली को एसेक्स के खिलाफ होने वोले काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले से पहले लंकाशायर की ओर से काउंटी कैप से सम्मानित किया गया। हसन अली को ये केप इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के हाथों मिली थी जो खुद इस चैंपियनशिप में लंकाशायर टीम का हिस्सा हैं।

इन दोनों ने साथ में इस टूर्नामेंट में कई विकेट अपने नाम किए हैं। एसेक्स के खिलाफ मुकाबले से पहले हसन अली ने इस टूर्नामेंट में 17.5 के औसत से 24 विकेट झटके थे।

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब किसी काउंटी टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया हो। बता दें, हसन ने इससे पहले कैंट, लीसेस्टरशायर, सरे और ग्लॉस्टरशायर की ओर से खेलने के लिए मना कर दिया था। लेकिन लंकाशायर के छोटे कॉन्ट्रैक्ट की वजह से हसन ने इंग्लैंड की पिचों पर खेलने के लिए हामी भरी। एक और मुख्य कारण यह भी हो सकता है कि टीम की ओर से जेम्स एंडरसन भी खेल रहे थे।

हसन अली लंकाशायर के लिए काफी अच्छे गेंदबाज रहे हैं: जेम्स एंडरसन

हसन अली ने कहा कि, इस समय मैं जो भी हूं मुझे बहुत कुछ सीखना है। जब मैंने सुना कि मैं लंकाशायर के लिए खेलने जा रहा हूं तो सबसे पहली चीज मेरे दिमाग में जो आया वो थे जेम्स एंडरसन। मैंने सोच लिया था कि मैं जिमी भैया से ये जरूर पूछूंगा कि इतने लंबे समय से आप इतनी बेहतरीन गेंदबाजी कैसे कर रहे हैं। वो 39 साल के हैं लेकिन अभी भी उनकी गेंदबाजी काफी सधी हुई हैं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।

सिर्फ हसन ही नहीं बल्कि एंडरसन भी हसन की गेंदबाजी को देखकर काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि, हसन अली बहुत ही अच्छे गेंदबाज और शख्स है। वह काफी तेज है और हर गेंद में अपना शत-प्रतिशत देते हैं। वो लंकाशायर के लिए काफी अच्छे गेंदबाज रहे हैं और उनको पता है कि कब उनको कैसी गेंदबाजी करनी है।

वसीम अकरम ने मुझे काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए कहा: हसन अली

हसन अली ने पाकिस्तान के लिए अपना टेस्ट डेब्यू 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था। तब से हसन ने टेस्ट मे 19 मुकाबलों में 74 विकेट अपने नाम किए हैं। वनडे और टी-20 में भी उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। टेस्ट मुकाबलों में हसन अली का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है लेकिन काउंटी क्रिकेट इससे काफी अलग है।

हसन अली ने बताया कि पाकिस्तान में बचपन से ही उन्होंने काउंटी क्रिकेट के बारे में सुना था। मैं लंकाशायर का धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे अपनी टीम में शामिल करके मेरे बचपन का सपना पूरा किया है। मुझे वसीम अकरम ने कहा था कि तुमको काउंटी क्रिकेट खेलना चाहिए और आखिरकार मैं यहां पर हूं। मुझे यहां काफी अच्छा लग रहा है।

बता दें, हसन अली को पहले छह काउंटी चैंपियनशिप मुकाबलों के लिए टीम में शामिल किया गया था। एसेक्स मुकाबले के बाद वो वापस पाकिस्तान लौट जाएंगे।

close whatsapp