गायकवाड़ नहीं, इशान किशन को ही सलामी बल्लेबाज के रूप में देखना चाहते हैं वसीम जाफर
वेस्टइंडीज के खिलाफ इस टी-20 सीरीज में इशान किशन बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।
अद्यतन - फरवरी 19, 2022 8:52 अपराह्न

भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले को 8 रन से जीतकर सीरीज पर 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। 18 फरवरी को हुए इस मुकाबले में सलामी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। टी-20 सीरीज में केएल राहुल के चोटिल होने के कारण सलामी बल्लेबाज इशान किशन को टीम में मौका दिया गया। इशान किशन दोनों मुकाबलों में संघर्ष करते नजर आए हैं।
इशान ने विंडीज के खिलाफ पहले मुकाबले में 42 गेंदों में 35 रनों की संघर्ष भरी पारी खेली। वहीं दूसरे मुकाबले में भी बाएं हाथ के बल्लेबाज बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और वहां 10 गेंदों में केवल 2 ही रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दूसरे मुकाबले में खराब प्रदर्शन के बावजूद पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने किशन का समर्थन किया।
पूर्व बल्लेबाज के अनुसार इशान किशन को एक और मौका देना चाहिए। हालांकि टीम के पास आखिरी मैच के लिए सलामी बल्लेबाज के तौर पर ऋतुराज गायकवाड़ के रूप में एक और विकल्प मौजूद है। वसीम जाफर के अनुसार गायकवाड़ को एक मैच खिलाने का कोई मतलब नहीं। गायकवाड़ को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में मौका देना बेहतर होगा।
इशान किशन को एक और मौका देना चाहिए- वसीम जाफर
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के हवाले से पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि, “हमें इशान को तीसरे टी-20 मैच में भी मौका देना चाहिए। उसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज में मौका देने के बार में सोचना चाहिए। खिलाड़ियों के साथ निरंतरता बनाए रखना चाहिए है जिससे वह जान सकें कि वो पूरी सीरीज खेलने जा रहे हैं। ऋतुराज को एक मैच देने का कोई मतलब नहीं।”
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे मुकाबले में पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। विराट ने 41 गेंदों में 7 चौकों और एक छक्के की मदद से शानदार 52 रन पारी खेली। उनके अलावा पंत और वेंकटेश अय्यर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। पंत ने केवल 28 गेंदों में 52 रन बनाये वहीं दूसरी तरफ अय्यर ने 18 गेंदों में 33 रनों की उपयोगी पारी खेली।