PAK vs NZ : चैंपियंस ट्रॉफी मैच के दौरान अबरार अहमद ने आउट करने के बाद डेवाॅन कॉन्वे का उड़ाया मजाक, खुद ही देख लें वीडियो
17 गेंदों में सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए काॅन्वे
अद्यतन - फरवरी 19, 2025 9:57 अपराह्न

चैंपियंस ट्राॅफी 2025 का आगाज हो चुका है। आज 19 फरवरी को 8 देशों के बीच खेले जाने वाले टूर्नामेंट का पहला मैच मेजबान व गत चैंपियन पाकिस्तान और न्यूजीलैंड (PAK vs NZ) के बीच खेला जा रहा है।
इस बीच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मैच से एक वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद डेवाॅन काॅन्वे का विकेट लेने के बाद, उनका मजाक उड़ाते हुए नजर आए।
बता दें कि यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 8वें ओवर में देखने को मिली। इस ओवर की तीसरी गेंद को स्ट्राइक पर मौजूद काॅन्वे समझ नहीं पाए और गेंद ने उनकी गिल्लियां बिखेर दीं। लेकिन जैसे ही अहमद ने काॅन्वे को बोल्ड आउट कर विकेट लिया, तो विकेट को सेलिब्रेट करते हुए वह हाथ मोड़कर सिर से उन्हें चल-चल का इशारा करते हुए नजर आए।
जैसे ही मैदान पर अबरार अहमद ने यह इशारा किया, तो उनका वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस भी इस वीडियो पर काफी तेजी से रिएक्शन देते हुए नजर आए।
देखें इस घटना का वायरल वीडियो
Abrar Ahmed removing Conway 🔥#PakvsNz #ChampionsTrophy
pic.twitter.com/KzhQUPNOsO— King Babar Azam Army (@kingbabararmy) February 19, 2025
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए 320 रन
मैच की पहली पारी के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो टाॅस जीतकर पाकिस्तान ने गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर कुल 320 रन बनाए हैं। कीवी टीम के लिए सलामी बल्लेबाज विल यंग (107) और विकेटकीपर-बल्लेबाज टाॅम लाथम (118) ने शतकीय पारी खेली। इसके अलावा ग्लेन फिलिप्स ने भी 61 रनों का योगदान दिया।
दूसरी ओर, पाकिस्तान की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो नसीम शाह और हारिस रउफ को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा अबरार अहमद को 1 विकेट मिला। देखने लायक बात होगी कि क्या पाकिस्तान की टीम न्यूजीलैंड से मिले 321 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा कर पाती है या नहीं?