IND vs NZ 1st Test: हेड कोच गौतम गंभीर ने अन्य सपोर्ट स्टाफ के साथ बेसिन रिजर्व की पिच का किया निरीक्षण, देखें वीडियो

IND vs NZ 1st Test: हेड कोच गौतम गंभीर ने अन्य सपोर्ट स्टाफ के साथ बेसिन रिजर्व की पिच का किया निरीक्षण, देखें वीडियो

पिछले कुछ दिनों की बारिश के कारण पिच पर नमी बनी हुई है, ऐसे में बल्लेबाजों के लिए शुरुआती समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है

NZ vs IND Test (Image credit Twitter - X)
NZ vs IND Test (Image credit Twitter – X)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन के सेलो बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जाएगा। मैच से एक दिन पहले यानी 18 नवंबर को भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर मैदान पर पहुंचे और पिच का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल भी मौजूद थे।

तीनों ने मैदान के बीच जाकर पिच की स्थिति को समझा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। भारतीय टीम के लिए यह सीरीज काफी अहम है, क्योंकि टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। ऐसे में फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को इस सीरीज में अच्छे नतीजे हासिल करने होंगे।

वेलिंगटन की पिच पर दिख रही है घास

पहले टेस्ट से पहले बेसिन रिजर्व की पिच काफी चर्चा में है। 17 नवंबर को मैदान पर पिच के ऊपर करीब 15 मिलीमीटर घास दिखाई दे रही थी। क्यूरेटर टॉम डेवी ने पिच को सख्त और हरी घास वाली रखा है। पिछले कुछ दिनों से बारिश और बादलों के कारण पिच को कवर के नीचे रखा गया था।

इस वजह से सतह पर नमी बनी हुई है। ऐसी पिच पर तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकता है। हालांकि, बेसिन रिजर्व की पिच समय के साथ बल्लेबाजी के लिए आसान भी हो जाती है।

वेलिंगटन में तेज हवाएं भी गेंदबाजों के लिए अहम भूमिका निभा सकती हैं। हालांकि, टेस्ट मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है और दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

भारत ने इस सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ समेत 6 विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों को टीम में शामिल किया है। नितीश कुमार रेड्डी भी तेज गेंदबाजी का विकल्प देते हैं।

न्यूजीलैंड की टीम को अपने घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिल सकता है। टीम ने 2024 में भारत को उसी की मैदान पर टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। ऐसे में भारतीय टीम इस बार उस हार का बदला लेने और सीरीज में मजबूत शुरुआत करने की कोशिश करेगी।

ये भी पढ़ें – “माही, तुम पर हमेशा गर्व रहेगा” – धोनी के IPL संन्यास पर पत्नी साक्षी ने लिखा भावुक पोस्ट, फैंस का ज…

close whatsapp