PSL 2026 में जगह न मिलने पर भावुक हुए अहमद शहजाद, बेटे की बात सुनकर छलके आंसू, देखें वीडियो

PSL 2026 में जगह न मिलने पर भावुक हुए अहमद शहजाद, बेटे की बात सुनकर छलके आंसू, देखें वीडियो

'मेरा बेटा मुझे खेलते देखना चाहता है' 18 साल का करियर याद कर टीवी शो में टूटे पाकिस्तानी बल्लेबाज

Ahmed Shehzad (Image credit Twitter - X)
Ahmed Shehzad (Image credit Twitter – X)

पाकिस्तान के अनुभवी सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि पीएसएल 2026 में जगह न मिलना है। पाकिस्तान सुपर लीग के हालिया ऑक्शन में उनका नाम शामिल नहीं था, जिसके बाद एक टीवी शो के दौरान वह भावुक हो गए। शहजाद लंबे समय से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और चयन प्रक्रिया की आलोचना करते रहे हैं। वह अक्टूबर 2019 के बाद से राष्ट्रीय टीम का हिस्सा नहीं बने हैं।

34 वर्षीय शहजाद ने आखिरी बार 2024 में फर्स्ट क्लास और लिस्ट ए क्रिकेट खेला था। इससे पहले उन्होंने पीएसएल से भी दूरी बना ली थी और कहा था कि चयन प्रक्रिया में मेरिट को नजरअंदाज किया जा रहा है। जब एक एंकर ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें लीग से बाहर रहकर खालीपन महसूस होता है, तो शहजाद खुद को रोक नहीं पाए।

उन्होंने कहा कि अपने साथ खेलने वाले खिलाड़ियों को मैदान पर देखना अच्छा लगता है, लेकिन कई सालों से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहना उन्हें अंदर तक तोड़ देता है। उन्होंने कहा, मैंने 18 साल इस खेल को दिए। सब कुछ मेरी आंखों के सामने शुरू हुआ और फिर अचानक सब खत्म हो गया। जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो भावुक हो जाता हूं।

शहजाद ने यह भी बताया कि उनके नौ साल के बेटे की एक ख्वाहिश है, जो उन्हें सबसे ज्यादा तकलीफ देती है। उन्होंने कहा, मेरा बेटा अब बड़ा हो रहा है। वह मुझसे पूछता है, ‘बाबा, आप पहले खेलते थे, क्या मैं आपको ठीक से याद रख पाऊंगा?’ यही बात मुझे रात में सोने नहीं देती।

देखें शहजाद की यह वीडियो

 

खैर, अब अहमद शहजाद ने अपने करियर में 13 टेस्ट, 82 वनडे और 59 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। टेस्ट में उनका औसत करीब 41, वनडे में 32 से ज्यादा और टी20 में लगभग 26 रहा। पीएसएल 2026 मार्च के आखिरी हफ्ते में शुरू होगा और इस बार हैदराबाद और सियालकोट जैसी नई टीमें भी शामिल होंगी। लेकिन इस सीजन में शहजाद मैदान पर नजर नहीं आएंगे।

close whatsapp