भारत के खिलाफ सिडनी टेस्ट में मिचेल मार्श की जगह इस शानदार खिलाड़ी को खेलते हुए देखना चाहते हैं मार्क वॉ
ऑलराउंडर मिचेल मार्श इस टेस्ट सीरीज में अभी तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं
अद्यतन - दिसम्बर 29, 2024 8:09 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में अभी तक मेजबान के खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम के सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। हालांकि, शानदार ऑलराउंडर मिचेल मार्श इस टेस्ट सीरीज में अभी तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं।
मिचेल मार्श मेलबर्न में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए, जबकि दूसरी पारी में वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। यही नहीं गेंदबाजी में भी उन्होंने निराशाजनक प्रदर्शन किया है।
ऐसे में उनके फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच पूर्व खिलाड़ी मार्क वॉ ने ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं से यह अपील की है कि वो सिडनी में होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट में मिचेल मार्श की जगह Beau Webster को टीम में शामिल करें। Beau Webster के प्रदर्शन को देख तमाम लोग उन्हें ऑस्ट्रेलिया का अगला एंड्रयू साइमंड्स बता रहे हैं।
मार्क वॉ ने फॉक्स क्रिकेट पर कहा कि, ‘परिस्थिति और टीम के बैलेंस को लेकर काफी बातचीत चल रही है। मैं Beau Webster को मिचेल मार्श की जगह सिडनी टेस्ट में खेलते हुए देखना चाहता हूं। मार्श अभी तक इस टेस्ट सीरीज में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं। यही नहीं आप एलेक्स कैरी को नंबर 6 पर बल्लेबाजी करते हुए देख सकते हैं और वेबस्टर नंबर 7 पर भी खेल सकते हैं। Beau Webster बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 333 रनों की बढ़त बनाई
मैच की बात की जाए तो चौथे टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 474 रन बनाए थे, जिसके जवाब में टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 369 रन पर ऑलआउट हो गई। खेल का चौथा दिन समाप्त हो चुका है और मेजबान ने अपनी दूसरी पारी में 9 विकेट खोकर 228 रन बना लिए हैं।
इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर 333 रनों की अपनी कुल बढ़त बना ली है। खेल का पांचवा और अंतिम दिन दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण होने वाला है। फिलहाल 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।