रोहित शर्मा की बल्लेबाजी के फैन हुए मार्क वॉ, कहा- ‘वह टेस्ट क्रिकेट में एक मैच विजेता हैं’
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित शर्मा ने 212 गेंदो का सामना करते हुए 120 रन बनाए थे।
अद्यतन - फरवरी 12, 2023 7:06 अपराह्न

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में शतक जड़ते हुए 120 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के बाद रोहित शर्मा कप्तान के हर फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बन गए हैं।
रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शानदार शुरूआत करते हुए 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मार्क वॉ जमकर रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। मार्क वॉ ने रोहित के टेस्ट करियर को काफी ज्यादा दिलचस्प बताया है।
रोहित के पास सबसे सरल तकनीक है- मार्क वॉ
रोहित शर्मा ने फरवरी 2022 में भारत की टेस्ट टीम की कप्तानी का जिम्मा संभाला था, तब से लेकर अब तक रोहित पांच में से केवल दो ही टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी करते हुए नजर आए हैं। आपको जानकर हैरानी होगी भारत के पिछले 10 में से 8 टेस्ट मैचों में रोहित शर्मा टीम से बाहर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मार्क वॉ ने रोहित के टेस्ट करियर के बारे में बात करते हुए कहा- ‘रोहित का एक दिलचस्प टेस्ट करियर रहा है, अपने करियर के शुरूआती दौर में वह एक तरह से अंडरअचीवर थे। उन्हें अपने अनुशासन पर काम करने की जरूरत थी। लेकिन उनकी बल्लेबाजी में क्लास हमेशा शानदार रहा है। बल्लेबाजी के दौरान उनकी टाइमिंग भी शानदार रही है। वो एक मैच विनर हैं।’
वह हर परिस्थिति में अच्छा खेलते हैं- मार्क वॉ
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित ने 212 गेंदो का सामना करते हुए 120 रन बनाए थे और भारत को 400 रनों के करीब पहुंचाया था। रोहित शर्मा के पास खेल को समझने के लिए शानदार दिमाग है। रोहित के सूझबूझ के चलते भारत ने पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी बढ़त हासिल की थी।
मार्क वॉ ने आगे बात करते हुए कहा, ‘रोहित शर्मा सभी परिस्थितियों में अच्छा खेलते हैं । वह विदेशों में अच्छा खेलता है, उसने भारत में अच्छा खेला है। उसके पास रेंज हैं, वह गेंद को बहुत करीब से देखता है। वह खेल को अच्छी तरह से पढ़ता है। वह स्थिति के अनुसार अपनी स्ट्राइक रेट को ऊपर नीचे कर सकते हैं।’