'हमने पहली बार एक दूसरे को गले लगाया और माफी मांगी'- साइमंड्स से दोस्ती करने पर भज्जी का बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘हमने पहली बार एक दूसरे को गले लगाया और माफी मांगी’- साइमंड्स से दोस्ती करने पर भज्जी का बयान

वर्ष 2008 में सिडनी टेस्ट के दौरान हरभजन सिंह पर एंड्रयू साइमंड्स को मंकी कहने का आरोप लगाया गया था।

Andrew Symonds of Australia watches Harbhajan Singh. (Photo Source: Getty Images)
Andrew Symonds of Australia watches Harbhajan Singh. (Photo Source: Getty Images)

टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह का क्रिकेट के साथ-साथ विवादों से नाता रहा है। पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने एक ऐसी घटना को याद किया जिसको लेकर वह काफी चर्चा में रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में एंड्रयू साइमंड्स के साथ हुई ‘मंकीगेट’ घटना को याद किया और यह भी बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने उस विवाद को लेकर कैसे समझौता किया।

दरअसल वर्ष 2008 में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी और सिडनी टेस्ट के दौरान हरभजन सिंह पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एंड्रयू साइमंड्स को मंकी कहा लेकिन हरभजन ने इन सभी आरोपों को गलत ठहराया था। हालांकि इसको लेकर हरभजन पर 3 मैचों के लिए प्रतिबंध भी लगाया गया था। वह विवाद इतना बढ़ गया था कि भारतीय टीम ने दौरे को बीच में खत्म करने की धमकी दी थी।

हालांकि इस घटना के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2011 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने दोनों खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर लिया था। हरभजन सिंह ने उस सीजन को याद करते हुए खुलासा किया है कि उन्होंने ‘मंकीगेट’ घटना को लेकर एंड्रयू साइमंड्स से माफी मांगी थी।

“मैच जीतने के बाद हमने एक-दूसरे को पहली बार गले लगाया”- हरभजन सिंह

स्पोर्ट्सकीड़ा के विशेष शो एसके टेल्स पर हरभजन ने कहा कि, “मुझे यह घटना याद आई जब हम चंडीगढ़ में थे और हमने साथ में एक मैच खेला, जिसमें हम जीते थे। हम अपने दोस्त के पास गए, हमने वहां एक-दूसरे को पहली बार गले लगाया और माफी मांगी। उस दौरान हम दोनों ने ही महसूस किया कि इस मुद्दे को और भी आसानी से खत्म किया जा सकता था। हमारे मुंबई के साथियों ने हम दोनों की काफी तस्वीरें भी ली थी।”

उन्होंने आगे कहा कि, “जब MI ने उन्हें चुना था उस समय मैं सोच रहा था मैं और एंड्रयू साइमंड्स एक-साथ कैसे खेल सकते हैं। लेकिन जब मैं ड्रेसिंग रूम में उनसे मिला तो वह पहले से बिल्कुल अलग नजर आए। एंड्रयू से मिलने से पहले मुझे लगा था वे पहले की तरह गुस्सैल व्यक्ति होंगे और जहां तक मुझे लगता है एंड्रयू ने भी मेरे बारे में यही सोचा होगा। हम एक साथ बैठते और खाना खाते थे वहीं मिडिया ने हमारी लड़ाई को काफी बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया था। लेकिन जब हमने साथ में समय बिताया, उस दौरान ऐसा लग रहा था कि हमारे बीच कुछ ऐसा हुआ नहीं था।”

close whatsapp