‘स्पिन के खिलाफ हमारे पास विकल्पों की कमी थी’, क्वालीफायर 2 में SRH के खिलाफ RR की हार से टूट गए हैं संजू सैमसन!
हार के बाद संजू सैमसन ने माना कि मैच अवेयरनेस की कमी के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा
अद्यतन - मई 25, 2024 1:43 अपराह्न

आईपीएल (IPL) 2024 में शुक्रवार, 24 मई को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद ने मुकाबले में संजू सैमसन एंड कंपनी को 36 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब हार के बाद संजू सैमसन (Sanju Samson) ने माना है कि मैच अवेयरनेस की कमी के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने यह भी कहा कि मध्य क्रम के बल्लेबाज SRH के स्पिनरों शाहबाज अहमद और अभिषेक शर्मा के खिलाफ रिवर्स स्वीप या क्रीज की गहराई का इस्तेमाल कर सकते थे।
क्वालीफायर 2 में हार के बाद संजू सैमसन (Sanju Samson) ने कहा, मुझे लगता है कि स्पिन के खिलाफ बीच के ओवरों में हमारे पास विकल्पों की कमी थी और मुझे लगता है कि यहीं पर हम गेम हार गए। बाएं हाथ की स्पिन के खिलाफ, हमारे तीन-चार दाएं हाथ बल्लेबाज थे और गेंद रुक रही थी, लेकिन हम थोड़े और विकल्प आजमा सकते थे। रिवर्स स्वीप या क्रीज का थोड़ा और उपयोग कर सकते थे। मगर उन्होंने भी अच्छी गेंदबाजी की।
दूसरी पारी में विकेट ने अलग व्यवहार करना शुरू कर दिया- संजू सैमसन
सैमसन (Samson) ने आगे कहा, वास्तव में यह अनुमान लगाना बहुत कठिन है। चेन्नई में हम कब ओस की उम्मीद कर सकते हैं या नहीं। दूसरी पारी में विकेट ने अलग व्यवहार करना शुरू कर दिया। गेंद थोड़ी घुमने लगी। इसका उन्होंने फायदा उठाया और मीडिल ओवरों में दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ स्पिन गेंदबाजी कराई।
मुकाबले की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 175 रनों का स्कोर बनाया। हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम 7 विकेट पर 139 रन ही बना सकी और 36 रनों से हार गई।