IPL 2024: मयंक यादव की गेंदबाजी देख दंग रह गए थे विजय दहिया, गौतम गंभीर से की बातचीत, फिर ऑक्शन में किया था टारगेट - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2024: मयंक यादव की गेंदबाजी देख दंग रह गए थे विजय दहिया, गौतम गंभीर से की बातचीत, फिर ऑक्शन में किया था टारगेट

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ी मयंक यादव ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में अपना आईपीएल डेब्यू किया था।

Vijay Dahiya & Mayank Yadav (Photo Source: X/Twitter)
Vijay Dahiya & Mayank Yadav (Photo Source: X/Twitter)

भारतीय युवा खिलाड़ी मयंक यादव ने आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शानदार डेब्यू किया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू मैच में मयंक यादव ने अपनी रफ्तार से सबको प्रभावित किया है। मयंक यादव ने एक गेंद 155.8 की स्पीड से फेंकी थी, जो आईपीएल 2024 में अब तक फेंकी गई सबसे तेज गेंद है।

मयंक यादव ने 3/27 मैच विनिंग स्पेल डाला था, और डेब्यू मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया था। लखनऊ सुपर जायंट्स के सहायक कोच विजय दहिया ने सबसे पहले मयंक यादव की प्रतिभा को पहचाना था, जिसके बाद उन्होंने गौतम गंभीर से बात की थी।

किसी और की तुलना में वो अलग है- विजय दहिया

विजय दहिया ने पहली बार मयंक यादव को दिल्ली और हरियाणा के बीच अभ्यास सेशन के दौरान देखा था। विजय दहिया उस वक्त रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट के लिए उत्तर प्रदेश के कोच थे। विजय दहिया ने बताया कि मयंक यादव की गेंदबाजी देखकर वो काफी ज्यादा प्रभावित हुए थे। जिसके बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटोर गौतम गंभीर से मयंक यादव को लेकर बातचीत की थी।

विजय दहिया ने Bhaskar Live पर बात करते हुए बताया, ‘मैंने गौतम गंभीर को मयंक के बारे में बताया और कहा- हमें उस पर नजर रखनी चाहिए। जब हम 2022 की मेगा ऑक्शन के लिए बैठे, तो हम उसे अपनी योजना में रखने के लिए आश्वस्त थे और इस तरह उसे LSG के लिए चुना गया था।’ 

विजय दहिया ने यह भी बताया कि मयंक यादव पिछले सीजन खेलने वाले थे। लेकिन प्रैक्टिस सेशन के दौरान वो चोटिल हो गए, और उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। मयंक यादव की गति पर बात करते हुए विजय दहिया ने कहा, ‘गति उसके लिए मायने रखती है, जब आप आश्वस्त होना चाहते हैं कि कुछ गेंदें या शॉट काफी अच्छे होते हैं। उसके जैसे व्यक्ति के साथ यही स्थिति थी, और जहां तक ​​ raw pace का सवाल है, इसका कोई विकल्प नहीं है। हालांकि वह इस गति से गेंदबाजी नहीं कर रहा था, लेकिन वह वहां से किसी अन्य की तुलना में पूरी तरह से अलग दिख रहा था।’

केएल राहुल के चलते मिला था मयंक यादव को डेब्यू का मौका

विजय दहिया ने मयंक यादव के डेब्यू का सारा श्रेय केएल राहुल को देते हुए आगे कहा, ‘केएल राहुल को श्रेय देना चाहिए, उन्होंने विश्वास जताया और उन्हें मौका दिया। हालांकि टॉस के लिए निकोलस पूरन थे। लेकिन मैं अब भी मानता हूं कि यह केएल का इनपुट है क्योंकि जेएल (मुख्य कोच जस्टिन लैंगर) इस साल टीम में शामिल हुए हैं और जो लोग पहले दिन से सेट-अप में थे वे वहां नहीं हैं।’

लखनऊ सुपर जायंट्स अगला मुकाबला आज (2 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ खेलेगी। मयंक यादव आरसीबी के खिलाफ भी शानदार खेल जारी रखना चाहेंगे।

close whatsapp