WPL 2023: फाइनल से पहले मुंबई इंडियंस की मेन्स टीम ने महिला प्लेयर्स को भेजा खास संदेश
आज यानी 26 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग 2023 का फाइनल मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच में खेला जाएगा।
अद्यतन - मार्च 26, 2023 3:46 अपराह्न

आज यानी 26 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग 2023 का फाइनल मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच में खेला जाएगा। इस बेहतरीन टूर्नामेंट में इन दोनों ही टीमों ने अभी तक काफी अच्छा प्रदर्शन किया और फाइनल में अपनी जगह बनाई।
फाइनल से पहले पुरुष मुंबई इंडियंस टीम ने महिला टीम को एक स्पेशल मैसेज साझा किया। बता दें, रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग की ट्रॉफी 5 बार अपने नाम कर रखी है। अब महिला टीम भी यही चाहेगी कि WPL 2023 सत्र की ट्रॉफी को वो जीतकर इतिहास रच दे। खुद कप्तान रोहित शर्मा ने यह सलाह दी कि महिला टीम को इस फाइनल का पूरा लुफ्त उठाना चाहिए।
मुंबई इंडियंस ने एक वीडियो साझा की है जिसमें रोहित शर्मा ने कहा है कि, ‘मैं हमारी महिला टीम को फाइनल के लिए ‘ऑल द बेस्ट’ बोलना चाहूंगा। जिस तरीके से आपने पिछले 4 हफ्ते में खेला उसको देखकर मुझे काफी मजा आया। यह फाइनल है और आप हर दिन फाइनल नहीं खेलते हैं, इसीलिए यह बेहद जरूरी है कि आप इस मैच का पूरी तरह से लुफ्त उठाएं। इस वातावरण का लुफ्त उठाएं। यह सच में काफी मजेदार होने वाला है। हम सब आपको चीयर करेंगे। बस आप मैदान पर उतरे और अपना शत-प्रतिशत दें।’
“Mumbai ki ladki full form mein final mein #AaliRe!” 🔥
Some special wishes from our #OneFamily ahead of the crunch game. 💙@ImRo45 @surya_14kumar @timdavid8 @TilakV9 @JDorff5 | #MumbaiIndians #WPL2023 #DCvMI #ForTheW pic.twitter.com/3AzosRsP87
— Mumbai Indians (@mipaltan) March 26, 2023
मुंबई इंडियंस के और भी खिलाड़ियों ने महिला टीम को दी शुभकामनाएं
रोहित के अलावा उनके टीम के साथियों ने भी महिला टीम को शुभकामनाएं दी। धुआंधार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने कहा कि, ‘मुंबई की लड़कियां फाइनल में पहुंच चुकी है और वो अपने फुल फॉर्म में हैं। हम सब एक परिवार हैं और मैं अपनी टीम की सभी खिलाड़ियों को WPL फाइनल के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मैं भी आप लोगों को चीयर करूंगा। ‘
तेज गेंदबाज जेसन बेहरेनडॉर्फ ने कहा कि, ‘यह सच में अभी तक काफी अच्छा टूर्नामेंट हुआ है। हम लोग इसे काफी करीब से देख रहे थे। फाइनल के लिए हम अपने खिलाड़ियों को ‘ऑल द बेस्ट’ बोलना चाहेंगे।’
विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड ने कहा कि, ‘महिला टीम को फाइनल के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। यह सच में अभी तक बहुत अच्छा सीजन गया है। फाइनल के लिए आप सबको ‘ऑल द बेस्ट’।’
तिलक वर्मा ने कहा कि, ‘मुंबई इंडियंस महिला टीम को ‘ऑल द बेस्ट’। हम लोग आपको पूरा सपोर्ट कर रहे हैं और हम यही दुआ करते हैं कि आप अपनी पहली ट्रॉफी जीते।’