अगर भविष्य में जरूरत पड़ी तो हम भारत की दो टीमें बनाने को तैयार हैं: जय शाह
भविष्य में ऐसा हो सकता है कि भारतीय टेस्ट टीम किसी एक देश के साथ टेस्ट सीरीज खेल रही हो वहीं दूसरी टीम किसी दूसरे देश के साथ वनडे या टी-20 मुकाबले खेल रही हो: जय शाह
अद्यतन - जून 15, 2022 3:01 अपराह्न

पिछले साल भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेली थी और उसी समय दूसरी टीम ने श्रीलंका में लिमिटेड ओवर्स सीरीज खेली थी। जिसकी कप्तानी शिखर धवन कर रहे थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेक्रेट्री जय शाह का मानना है कि अगर भविष्य में ऐसा फिर से कभी होता है तो वो उसके लिए दो टीमें बनाने को तैयार रहेंगे। इसी के साथ शाह ने ये भी बताया है कि, BCCI अलग-अलग बोर्ड और ICC के साथ बातचीत कर रहा है कि IPL 2023 सीजन के लिए एक अलग ही विंडो होनी चाहिए।
बता दें, भारतीय टीम इस समय अपने घर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 टी-20 मुकाबलों की सीरीज खेल रही है जो 19 जून तक चलेगी। इसके बाद भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मुकाबले खेलने उनके घर जाएगी जो 26 और 28 जून को खेला जाएगा। नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के हेड वीवीएस लक्ष्मण को इस दौरे का मुख्य कोच की भूमिका में दिखाई देंगे।
मैंने NCA हेड वीवीएस लक्ष्मण से बात की है और जल्द ही 50 खिलाड़ियों की सूची जारी होगी: जय शाह
साथ ही भारतीय टीम 1 जुलाई को इंग्लैंड में बचा हुए एक टेस्ट मुकाबला खेलने जाएगी। कोविड की वजह से 2021 में इंग्लैंड बनाम भारत के बीच एक मुकाबला होने से रह गया था जिसको अब जाकर खेला जाना है। BCCI इन दोनों दौरों के लिए अलग-अलग टीम घोषित करेगी। शाह ने बताया है कि वो अभी लक्ष्मण से और NCA से बातचीत कर रहे हैं और जल्द ही 50 खिलाड़ियों की सूची तैयार होगी।
न्यूज़ 18 के मुताबिक शाह ने कहा कि, ‘मैंने NCA हेड वीवीएस लक्ष्मण से बात की है और जल्द ही 50 खिलाड़ियों की सूची जारी होगी। भविष्य में ऐसा हो सकता है कि भारतीय टेस्ट टीम किसी एक देश के साथ टेस्ट सीरीज खेल रही हो वहीं दूसरी टीम किसी दूसरे देश के साथ वनडे या टी-20 मुकाबले खेल रही हो। हम अब उस रास्ते में जा रहे हैं जहां हमें दो राष्ट्रीय टीम बनानी पड़ेगी।
BCCI की ICC से हो रही है बातचीत: जय शाह
ICC के पास IPL के लिए अपनी FTP कैलेंडर के लिए अलग खिड़की नहीं थी, जिसकी वजह से कई विदेशी खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट से बाहर रहना पड़ा था। लेकिन जय शाह को पूरा भरोसा है कि अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि BCCI, ICC और बाकी बोर्ड से IPL की अलग खिड़की के लिए बातचीत कर रही है।
शाह ने कहा कि, ‘ये एक चीज है जिसपर हमने काम किया है। मैं आपको बता दूं कि अगले ICC FTP कैलेंडर द्वारा IPL को आधिकारिक तौर से ढाई महीने की खिड़की दी जाएगी जिससे सभी बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतिभाग कर सके। हमने इसके लिए तमाम बोर्ड और ICC से बातचीत की है।