CSK फैंस के लिए गुड न्यूज, IPL 2024 भी खेल सकते हैं धोनी- उनके करीबी दोस्त ने दिए संकेत
सुरेश रैना ने हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में धोनी को लेकर खुलासा करते हुए कहा कि, वह (महेंद्र सिंह धोनी) आईपीएल 2024 भी खेल सकते हैं।
अद्यतन - Mar 16, 2023 6:49 pm

IPL 2023 का आगाज 31 मार्च से होने जा रहा है। इस लीग के शुरू होने से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। दरअसल CSK के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी IPL 2024 भी खेल सकते हैं। बता दें वह इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन आईपीएल में अभी खेल रहे हैं।
हालांकि पिछले कुछ महीनों से यह खबर सामने आ रही थी कि IPL 2023 धोनी के लिए इस लीग का आखिरी सीजन होगा। उन्होंने पिछले सीजन में कप्तानी भी छोड़ दी थी और उनकी जगह रवींद्र जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स का कप्तान बनाया गया था। हालांकि इस बीच धोनी के सबसे करीबी दोस्तों में से एक सुरेश रैना ने उन्हें लेकर एक बड़ा खुलासा किया है।
IPL 2024 भी खेल सकते हैं धोनी-सुरेश रैना
दरअसल सुरेश रैना ने हाल ही में अपने एक इंटरव्यू में धोनी को लेकर खुलासा करते हुए कहा कि, वह (महेंद्र सिंह धोनी) आईपीएल 2024 भी खेल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह सुपर फिट हैं और अच्छी बल्लेबाजी भी करते हैं। हालांकि इस साल उनके प्रदर्शन पर यह निर्भर हैं कि वह आगे क्या करेंगे।
NDTV स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए सुरेश रैना ने कहा कि, धोनी ने पिछले एक साल से क्रिकेट नहीं खेला है तो उनके लिए यह चुनौतीपूर्ण जरूर साबित हो सकता है। लेकिन उम्मीद है कि, वह इस साल लंबे शॉट लगाते नजर आएंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि, चेन्नई सुपर किंग्स टीम में युवा टैलेंट भी है। ऋतुराज गायकवाड़, दीपक चाहर, बेन स्टोक्स, रवींद्र जडेजा के अलावा इस टीम में कई बेहतरीन और युवा खिलाड़ी हैं, ऐसे में देखते हैं कि वे कैसे खेलते हैं।
वहीं कई क्रिकेटरों का कहना है कि महेंद्र सिंह धोनी आम तौर पर फोन नहीं उठाते हैं, लेकिन सुरेश रैना ने कहा कि वे उनसे संपर्क में रहते हैं। वह फोन उठाते हैं, उनसे बातचीत भी होती हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अभ्यास सत्र के दौरान वह बड़े शॉट खेल रहे हैं। ऐसे में मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा करेंगे और जीत दिलाएंगे।