वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश, भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू कार्यक्रम का किया ऐलान, टीम इंडिया के शेड्यूल पर डालिए एक नजर
क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) जून से लेकर अगस्त तक बांग्लादेश, भारत और न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगा।
अद्यतन - Jun 29, 2022 1:21 pm

क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने बांग्लादेश, भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ एक्शन से भरपूर घरेलू अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) जून से लेकर अगस्त तक बांग्लादेश, भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ 20 सीमित ओवरों के मैचों का आयोजन करेंगे।
वेस्टइंडीज 16 जून से 10 जुलाई तक बांग्लादेश की तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैचों में मेजबानी करेगा, जबकि टीम इंडिया का दौरा 22 जुलाई से शुरू होगा, जहां दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 7 अगस्त तक खेले जाने हैं। वहीं न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और मेजबान टीम वेस्टइंडीज के बीच 11 से 21 अगस्त तक तीन मैचों की वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी।
भारत जुलाई-अगस्त में करेगा वेस्टइंडीज का दौरा
आपको बता दें, भारत 9 जून से पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करने जा रहा है, वहीं पुनर्निर्धारित टेस्ट के लिए एक टीम इंग्लैंड के लिए उड़ान भरेगी, जो 1 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाना है। इस घरेलू सीरीज के बाद टीम इंडिया दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए आयरलैंड दौरे पर जाएगी, जिसके लिए एक अलग टीम होगी, वहीं इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली सीमित ओवरों की सीरीज (3 वनडे, 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच) के लिए सीनियर टीम इसी समय रवाना होगी।
भारत का इंग्लैंड दौरा 17 जुलाई को समाप्त होगा और इस दौरे पर मौजूद खिलाड़ियों में से चयनित खिलाड़ी सीधे यूके से वेस्टइंडीज के लिए रवाना होंगे, जहां उन्हें तीन वनडे और पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच 22 जुलाई से 7 अगस्त तक खेलना हैं। यह पूरी सीरीज फैनकोड पर लाइव-स्ट्रीम की जाएगी।
जॉनी ग्रेव, CWI के सीईओ ने CWI की आधिकारिक वेबसाइट को बताया: “हमें पुरुषों के लिए शेष वर्ष के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। हम जानते हैं कि हमारे फैंस को इस खबर से खुशी होगी कि इस साल के शेष मैच पूरे क्षेत्र में मैच खेले जाने हैं, और साथ ही साथ यूएसए में रहने वाले लोग भी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देख पाएंगे। वेस्टइंडीज-भारत सीरीज फैनकोड पर लाइव-स्ट्रीम की जाएगी।”
यहां देखिए भारत के वेस्टइंडीज दौरे का पूरा शेड्यूल –
22 जुलाई: पहला वनडे – क्वीन्स पार्क ओवल, त्रिनिदाद
24 जुलाई: दूसरा वनडे – क्वीन्स पार्क ओवल, त्रिनिदाद
27 जुलाई: तीसरा वनडे – क्वीन्स पार्क ओवल, त्रिनिदाद
(वनडे सीरीज के सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि जमैका के समयानुसार सभी मैच सुबह 8:30 बजे से शुरू होंगे।)
29 जुलाई: पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच- ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी, त्रिनिदाद
1 अगस्त: दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच – वार्नर पार्क, सेंट किट्स
2 अगस्त: तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच – वार्नर पार्क, सेंट किट्स
6 अगस्त: चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच – ब्रोवार्ड काउंटी क्रिकेट स्टेडियम, लॉडरहिल, फ्लोरिडा, यूएसए
7 अगस्त: पांचवा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच – ब्रोवार्ड काउंटी क्रिकेट स्टेडियम, लॉडरहिल, फ्लोरिडा, यूएसए
((टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के सभी मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि जमैका के समयानुसार सभी मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू होंगे।)